- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मियों...
Jabalpur News: वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मियों ने की हड़ताल, शहर में कई जगह नहीं उठा कचरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। तीन माह से वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मी गुरुवार की सुबह अचानक हड़ताल पर चले गए, जिसके कारण शहर के कई जोनों में सफाई व्यवस्था ठप पड़ी रही। सबसे ज्यादा परेशानी व्यापारिक क्षेत्रों में देखी गई, जहां दुकानों के सामने कचरे के ढेर लगे रहे। इसके अलावा मुख्य मार्गों के साथ रहवासी मोहल्लों और चौराहों में झाड़ू न लगने से गंदगी का माहौल बना रहा।
हड़ताल की जानकारी लगते ही निगम के स्वास्थ्य अधिकारी ने ठेका कंपनी को ब्लैक लिस्टिंग के साथ बड़ी पेनाल्टी के लिए नोटिस जारी कर दिया, जिसके बाद दोपहर 12 बजे कंपनी की तरफ से पेमेंट रिलीज की गई और सफाई कर्मियों ने हड़ताल खत्म की। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि वेतन मिलने के बाद सफाई कर्मी काम पर लौट आए हैं, जिससे शुक्रवार की सुबह से नियमित सफाई होगी।
इन इलाकों में रही बड़ी समस्या
मुख्य मार्गों के साथ चौराहों और मार्केट एरिया में झाड़ू न लगने के कारण मालवीय चौक, सुपर मार्केट, करमचंद चौक, तुलाराम चौक, नाॅर्मल स्कूल, गंजीपुरा, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, राइट टाउन, रानीताल समेत प्रमुख बाजारों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहे जिससे आम लोगों व व्यापारियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा
Created On :   2 Oct 2026 6:14 PM IST












