- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- घर में रहना भी दूभर कर रही खंदारी...
Jabalpur News: घर में रहना भी दूभर कर रही खंदारी नाले से आ रही दुर्गंध

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गौरीघाट रेलवे ब्रिज के पास खंदारी नाले में मृत पड़े जानवरों की वजह से पिछले तीन दिन से सुखसागर वैली के साथ आसपास की कई काॅलोनियों में तीखी दुर्गंध आने से लाेग परेशान हुए। लोगों का कहना है कि लगातार सूचनाएं देने के बाद निगम की टीम ने कोई हरकत नहीं दिखाई, जिसके कारण बदबू दूर-दूर तक फैलती जा रही थी, जिसकी वजह से लोगों का घर में रहना दूभर हो गया, जिसके कारण नाले से लगे घरों में रहने वाले कई लोग अपने रिश्तेदारों के यहां रहने चले गए और कुछ लोग होटलों में।
हालांकि गुरुवार काे वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद सफाई अमला नाले में उतरा और सफाई के साथ दवाओं का छिड़काव किया, जिसके बाद लोगों को राहत मिल सकी। काॅलोनीवासियों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि खंदारी नाले के खुले रास्तों में फेंसिंग कराई जाए, ताकि आवारा मवेशी आैर दूसरे जानवर यहां न घुस पाएं। इसके अलावा नाले से लगे रहवासी एरिया को देखते हुए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और समय-समय पर सफाई भी कराई जानी चाहिए।
एक दर्जन से ज्यादा लोग हुए बीमार
खंदारी नाले से आ रही दुर्गंध के कारण नाले के आसपास बनी काॅलोनियों में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के बीमार हाेने की भी सूचनाएं मिली हैं। हालांकि अभी तक गंभीर बीमार होने की जानकारी नहीं लगी है।
सफाई हुई तो खुला चौंकाने वाला राज
खंदारी नाले में सफाई के दौरान चौंकाने वाला राज खुला। निगम की टीम को नाले की दीवार और झाड़ियों के साथ कीचड़ में कई छोटे जानवर मृत पड़े मिले। लोगों का कहना है कि खंदारी नाला नर्मदा नदी से जुड़ा हुआ है। इस नाले में शहर के साथ आसपास की काॅलोनियों का भी गंदा पानी बहकर आता है। इस नाले में कुछ वर्ष पूर्व नया पुल भी बनाया गया था और पुल के ऊपरी हिस्से में पेयजल की पाइप लाइन भी गुजरी हुई है। इसलिए खंदारी नाले को हर तरह से सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
कुछ क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि यहां लोग मृत पशुओं को बोरियों में भरकर नाले में फेंक जाते हैं। कई बार ताे काॅलोनी के युवकों का इस बात को लेकर विवाद भी हो चुका है। ननि के स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि मृत मिले जानवरों का दूसरी जगह से बहकर आने का अनुमान है, क्योंकि विगत दिनों हुई लगातार बारिश के दौरान इस नाले में पानी का स्तर कई दिनों तक बढ़ा हुआ था। श्री मिश्रा के अनुसार जल्द ही नाले की सफाई और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।
Created On :   2 Oct 2026 6:09 PM IST












