- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ट्रैफिक सिग्नल अचानक बंद होने से...
Jabalpur News: ट्रैफिक सिग्नल अचानक बंद होने से घंटों तक लगा रहा लम्बा जाम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के व्यस्ततम चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल्स में भी तकनीकी खामियां आने का सिलसिला लगातार बना हुआ है। ऐसा ही कुछ बुधवार की शाम को ब्लूम चौक शास्त्री ब्रिज में भी देखने को मिला, जब चौराहे पर लगा ट्रैफिक सिग्नल अचानक बंद हो गया। इसी के चलते घंटों तक यहां जाम लगा रहा। इसके बावजूद यातायात पुलिस का अमला कहीं पर भी नजर नहीं आया।
इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों दिलीप राठौर, मोहन गुप्ता, रजनीश कठल, देवेन्द्र तिवारी आदि ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे ब्लूम चौक पर लगा ट्रैफिक सिग्नल एकाएक बंद हो गया। ऐसा होते ही राइट टाउन, तीन पत्ती, गोरखपुर, रसल चौक आदि मार्गों से आने वाले छोटे-बड़े वाहन चालकों द्वारा एक साथ आगे निकलने का प्रयास किया जाने लगा, जिसके कारण यहां वाहनों की कतारें लग गईं और काफी देर तक लोग यहां से आवागमन नहीं कर सके।
इस दौरान उनका आक्रोश तब और भी भड़क उठा, जब यातायात पुलिस का अमला यहां नहीं पहुंचा और लोग इस समस्या से जूझते रहे। वहीं डीएसपी ट्रैफिक बैजनाथ प्रजापति का कहना है कि सूचना मिलने पर एक टीम मौके पर पहुंच गई थी, जिसके बाद जाम को अलग करवाकर यहां की यातायात व्यवस्था को पुन: बहाल किया जा सका।
इधर...नो-पार्किंग जोन में खड़े दोपहिया 27 वाहनों के काटे चालान
सड़कों पर जहां-तहां खड़े होने वाले वाहनों को अलग करवाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को छावनी परिषद के सहयोग से भारत माता चौक सदर स्थित सेंट अलाॅयसियस कॉलेज के बाहर भी सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े 27 दोपहिया वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर संबंधित वाहन मालिकों को कड़े निर्देश भी दिए गए।
एसपी संपत उपाध्याय और एएसपी यातायात अखिलेश तिवारी के निर्देशों तथा डीएसपी ट्रैफिक बैजनाथ प्रजापति के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान कॉलेज के आसपास अवैध रूप से खड़ी बाइक और स्कूटी चालकों को बुलाकर चालानी कार्रवाई की गई। इसके बाद उन्हें दोबारा ऐसा नहीं करने के निर्देश देते हुए आम राहगीरों की समस्याएं भी सुनी गईं।
इन चौराहों पर भी सामने आई यही समस्या
इसी तरह तैयब अली चौक,घंटाघर,गोहलपुर,रद्दी चौकी,अधारताल और मढ़ाताल गुरुद्वारा रोड पर भी दोपहर बाद से जाम लगता रहा। इस समस्या के लिए ट्रैफिक सिग्नल और उनमें लगे टाईमर में खराबी आने के अलावा बरसात में सड़कों के खराब होने के कारण वाहन चालकों द्वारा धीमी गति से आवागमन करना भी बताया जा रहा है। इस दौरान वाहन चालकों द्वारा अंदरूनी रास्तों से निकलने का प्रयास करने के कारण इन संकरे मागों पर भी यातायात व्यवस्था काफी देर तक बाधित रही।
नोटिस देने के बावजूद चल रही थी मनमानी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्रीय लोगों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पिछले दिनों कॉलेज प्रबंधन व छात्रों को समझाइश देने के अलावा नोटिस भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद मुख्य मार्ग के लेफ्ट टर्न पर दोपहिया वाहनों की अनधिकृत पार्किंग बनी हुई थी। इसी मनमानी के चलते रोजाना यातायात बाधित हो रहा था, वहीं लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा था।
इसलिए यह कार्रवाई कर आगामी दिनों में भी इस क्षेत्र में सघन अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। कार्रवाई के दौरान मनीष प्यासी, एएसआई गंगाराम, चंद्रभान विश्वकर्मा, कैंट बोर्ड के नीतेश पटेरिया आदि मौजूद रहे।
Created On :   10 Sept 2026 8:02 PM IST












