- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मत्स्य बिक्री केन्द्र को मिली 1...
Jabalpur News: मत्स्य बिक्री केन्द्र को मिली 1 करोड़ की सौगात एक महीने बीते फिर भी नहीं बदल पाए हालात

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मछली विक्रेताओंं के लिए सुगम और सुविधा तरीके से व्यापार करने के साथ गंदगी से बचाव के लिए नगर निगम प्रशासन ने गुरंदी बाजार में एक करोड़ की लागत से आधुनिक मत्स्य बिक्री केन्द्र भवन बनाया था, जिसका उद्घाटन वर्चुअली मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विगत 1 अगस्त को किया था लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी इस नवनिर्मित केन्द्र में ताले लगे हुए हैं और दुकानों की जगह के आवंटन की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण यहां व्यापारिक गतिविधियां शुरू नहीं हो सकी हैं। लगातार हुई बारिश के कारण यहां की स्थिति भी दयनीय नजर आने लगी है, क्योंकि हर तरफ गंदगी का आलम मचा हुआ है।
मत्स्य विक्रेताओं का कहना है कि जगह न मिलने के कारण उन्हें अभी भी खुले में मछली का व्यापार करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन ने मछली विक्रेताओं की सुविधा के लिए एक ही स्थान पर सुगम तरीके से व्यापार संचालित करने के लिए एक करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मत्स्य केन्द्र का भवन तैयार किया था। जिसमें 50 व्यापारियों को जगह आवंटित किए जाने का प्रावधान था लेकिन नगर निगम का बाजार विभाग अभी तक आवंटित व्यापारियों की सूची जारी नहीं कर सका, जिसके कारण इस भवन में ताले ही लटके हुए हैं।
तत्वों का रहता है जमावड़ा
गुरंदी बाजार के व्यापारियों का कहना है कि नए भवन में ताले लगे होने और देखरेख न होने के कारण यहां पूरे समय आवारा तत्वों और नशेड़चियों का जमावड़ा लगा रहता है। कुछ मछली विक्रेताओं ने इस संबंध में बाजार विभाग में शिकायतें भी कीं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
विरोध करने पर मिलती हैं धमकियां
कुछ व्यापारियों ने इस अराजकता को लेकर जब विरोध किया तो तत्वों द्वारा उन्हें धमकाया जाने लगा। मत्स्य केन्द्र के पीछे वाले हिस्से से लगा किराना बाजार है, जहां के व्यापारी यहां फैली गंदगी के कारण परेशान रहते हैं।
नए मत्स्य बिक्री केन्द्र में मछली विक्रेताओं के लिए जगह के आवंटन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, जल्द ही यहां व्यापारिक गतिविधियां शुरू करा दी जाएंगी।
राजेन्द्र दुबे, बाजार अधीक्षक
Created On :   10 Sept 2026 7:59 PM IST












