- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सोमनाथ एक्सप्रेस के नहीं खुले गेट...
Jabalpur News: सोमनाथ एक्सप्रेस के नहीं खुले गेट तो यात्रियों की भीड़ ने किया हंगामा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर से गुजरात के वेरावल तक चलने वाली गाड़ी संख्या 11464 सोमनाथ एक्सप्रेस बुधवार की दोपहर जैसे ही प्लेटफाॅर्म पर पहुंची यात्रियों की भीड़ टूट पड़ी। ट्रेन के गेट काफी देर तक नहीं खुलने से यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्री जैसे-तैसे कोच के अंदर पहुंचे तो स्लीपर कोच के हाल ऐसे हो गए कि वहां पैर रखने तक की जगह नहीं थी।
लोग टाॅयलेट के पास बैठ गए, वहीं जिनकी कंफर्म टिकट थी उन्हें भी सीट नहीं मिल रही थी और उनकी सीट पर दूसरे लोगों ने कब्जा जमा लिया था। इसके कारण भी विवाद की स्थिति बनी। यात्रियों का कहना था कि वे हमेशा सफर करते हैं लेकिन इस ट्रेन में पता नहीं कहां से भीड़ आ गई।
ट्रेन के कुछ स्टेशन निकलने के बाद स्थिति यह बनी कि एस टू कोच में पानी खत्म हो गया। यात्रियों ने इसको लेकर भी शिकायत की लेकिन रेलवे के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। कई स्टेशन ऐसे ही निकल गए लेकिन ट्रेन के कोच में पानी नहीं भरा गया। बड़ी मुश्किल से इटारसी में पानी भरा गया तो वह भी भोपाल स्टेशन पहुंचने तक फिर खत्म हो गया। वहीं यात्रियों की परेशानी से रेलवे को कोई सरोकार न होने से उनमें आक्रोश देखा गया।
यात्री सुविधाओं का जायजा लेने अधिकारियों ने किया निरीक्षण
ट्रेनों में यात्रियों की सुविधाओं की स्थिति कैसी है, इसके साथ ही माल गाड़ी और माल गोदामों की स्थिति का जायजा लेने जबलपुर रेल मुख्यालय के पमरे प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक निकले। उन्होंने जबलपुर से मैहर तक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं में और सुधार लाने के साथ ही माल परिवहन को बढ़ावा देने की बात कही। इस दौरान सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता भी मौजूद रहे। मैहर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की जानकारी ली और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
Created On :   10 Sept 2026 7:56 PM IST












