Jabalpur News: कारों से निकाली काली फिल्म, हूटर के अनधिकृत उपयोग पर काटा चालान

कारों से निकाली काली फिल्म, हूटर के अनधिकृत उपयोग पर काटा चालान
ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर की जांच, 70 वाहन चालकों पर कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। त्योहारों के समय सड़कों पर शोरगुल को रोकने और सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चेकिंग शुरू की। विशेष अभियान के तहत कई वाहनों की जांच की गई। 20 कारों-जीपों से काली फिल्में हटवाई गईं। वहीं 3 कारों में अनधिकृत रूप से लगे हूटर भी अलग कराए गए। इस दौरान 70 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। कार्रवाई के दौरान हड़कम्प का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनसुरक्षा की दृष्टि से उक्त अभियान आगामी दिनों तक जारी रहेगा।

ट्रैफिक थाना गढ़ा के डीएसपी बैजनाथ प्रजापति ने बताया कि पीएचक्यू भोपाल ने नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को मालवीय चौक और घमापुर ट्रैफिक थाने की टीम द्वारा विशेष कार्रवाई शुरू की गई है। इसके तहत आगामी 10 अगस्त तक विभिन्न इलाकों में वाहन चेकिंग कर संबंधित चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को रामपुर चौक, शंकराचार्य चौराहा, पेंटीनाका, मोटर स्टैण्ड, त्रिपुरी चौक आदि इलाकों में 20 कारों में लगी काली फिल्में निकलवाकर वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।

दो कारों में लगी मिली लाल-नीली बत्ती

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 3 चारपहिया वाहनों में हूटर लगे मिले। वहीं 2 कारों में अनधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती लगाई गई थी। उसे भी हटवाया गया और चालान भी किया गया। कार्रवाई के दौरान निरीक्षक इंद्रा ठाकुर, दिनेश शर्मा, वीरेन्द्र आरख, शिवचरण दुबे, रामभूपत पटेल, मंगल सिंह, गंगा राम, मनीष प्यासी, शशि धुर्वे, मंगल सिंह आदि मौजूद रहे।

कहीं धौंस, कहीं मिन्नत...किसी की नहीं चली

बताया गया है कि कार्रवाई के दौरान कुछ कार चालकों ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया, तो कुछ ने समय देने के लिए मिन्नतें कीं, लेकिन पुलिस ने अपना काम जारी रखा। टीम ने किसी की नहीं सुनी और कारों से काली फिल्में हटा दी गईं। कार्रवाई के दौरान गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।

Created On :   5 Aug 2026 6:01 PM IST

Tags

Next Story