- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अतिक्रमणों के कारण कृषि उपज मंडी के...
Jabalpur News: अतिक्रमणों के कारण कृषि उपज मंडी के गेट पर आए दिन लग रहा जाम, आमजन हो रहे परेशान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कृषि उपज मंडी के दोनों मुख्य द्वारों पर फैला अतिक्रमण आम नागरिकों और व्यापारियों के लिए जी का जंजाल बन गया है। मंडी गेट के आसपास अवैध रूप से जमी दुकानें और बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन स्थाई समस्या का रूप ले चुके हैं। स्थिति यह है कि यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को दिनभर भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है।
बनी रहती है हादसे की आशंका
मंडी होने के कारण यहां रोजाना सौकड़ों भारी ट्रकों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन गेट के पास फैले बेजा कब्जों की भरमार के कारण बड़े वाहनों को अंदर आने-जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार ट्रक घंटों तक संकरे रास्तों पर फंसे रहते हैं, जिससे न केवल परिवहन प्रभावित होता है बल्कि किसी भी समय किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है। सड़क पर लगने वाले इस भीषण जाम की मार आम ग्राहकों और राहगीरों को झेलनी पड़ती है।
फुटकर सब्जी दुकान का नहीं है प्रावधान
जानकारों का कहना है कि कृषि उपज मंडी के आसपास फुटकर सब्जी विक्रय का प्रावधान नहीं है फिर भी अतिक्रमणों के बीच सब्जी और फल के सैकड़ों ठेले यहां सड़क पर जमे नजर आते हैं, जबकि फुटकर सब्जी के लिए पास ही दीनदयाल चौक एवं गोहलपुर में मार्केट बना हुआ है। यही नहीं शहर में हर तरफ एक किलोमीटर की दूरी पर फुटकर सब्जी का बाजार बना हुआ है। उसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नहीं हुई सुनवाई
जरूरी कार्यों से निकलने वाले लोग यहां दिन के वक्त घंटों तक फंसे रहते हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि कई बार प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।
Created On :   5 Aug 2026 5:56 PM IST










