- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मुनादी कर हटाए अतिक्रमण, वाहन...
Jabalpur News: मुनादी कर हटाए अतिक्रमण, वाहन मालिकों को हिदायत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। त्रिमूर्ति नगर के चंडालभाटा, नर्मदेश्वर चौक, गायत्री मंदिर के आसपास टू-लेन सड़कों पर ट्रकों और टपरों के हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए मंगलवार को नगर निगम अतिक्रमण विभाग का अमला पहुंचा। टीम ने पहले मुनादी पीटकर लोगों को सड़क से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी, जिससे हड़कंप मच गया।
सड़कों पर फैली निर्माण सामग्री और टपरों को आनन-फानन में हटाया जाने लगा। इसी बीच ट्रांसपोर्टर्स और व्यापारी एकत्रित हो गए, लेकिन निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी। कई अतिक्रमणों और सड़कों पर खड़े वाहनों को हटाया गया।
बताया गया है कि यहां ट्रांसपोर्ट नगर, चंडालभाटा मार्ग, त्रिमूर्ति नगर मुख्य मार्ग के साथ हाल में नर्मदेश्वर से गायत्री मंदिर तक बनी नई सड़क पर अतिक्रमण हो गए हैं। अतिक्रमणकारियों ने इसकी पूरी एक लेन पर ही कब्जा कर लिया है।
इसकी शिकायत क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर निगम व क्षेत्रीय पार्षद से भी की थी। पार्षद रेणु कोरी ने कॉलोनी के लोगों की सुरक्षा का हवाला देते हुए सड़कों पर भारी वाहनों की पार्किंग व अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी।
वहीं नगर निगम के अतिक्रमण विभाग ने ट्रैफिक पुलिस को भी सूचना देकर सड़क पर खड़े होने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है। इसी तरह निगम की टीम ने तैयबअली चौक और पीली कोठी स्कूल के आसपास भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
Created On :   5 Aug 2026 5:20 PM IST










