छह घंटे तक कीचड़ और गंदगी के बीच सफाई, प्राचीन बावड़ी की बदली सूरत

छह घंटे तक कीचड़ और गंदगी के बीच सफाई, प्राचीन बावड़ी की बदली सूरत
सांसद ने बावड़ी के अंदर घुसकर गंदगी और कीचड़ तसले में भर-भरकर बाहर फेंकना शुरू किया, उन्हें ऐसा करते देख बाकी लोग भी सफाई में जुट गए।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

शहर के उजारपुरवा क्षेत्र में स्थित बावड़ी जो गंदगी और कीचड़ से सराबोर थी गुरुवार को यहाँ 6 घंटे चली सफाई में उसकी सूरत बदली नजर आई। सुबह 10 बजे ही सांसद राकेश सिंह ने यहाँ पहुँचकर सफाई शुरू की। उनके साथ भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी श्रमदान में जुट गए। सांसद ने बावड़ी के अंदर घुसकर गंदगी और कीचड़ तसले में भर-भरकर बाहर फेंकना शुरू किया, उन्हें ऐसा करते देख बाकी लोग भी सफाई में जुट गए। यह अभियान शाम को 5 बजे तक जारी रहा।

सांसद श्री सिंह ने कहा हमारा जबलपुर जल के मामले में हमेशा से समृद्ध रहा है, इसकी वजह माँ नर्मदा की कृपा और वीरांगना रानी दुर्गावती के शासन काल में दूरगामी सोच के साथ जल संरचनाओं का निर्माण रहा है। जबलपुर 52 तालाबों के साथ ही बावड़ियों के लिए भी जाना जाता था। उस समय बनी जल संरचनाओं जिनमें तालाब, बावड़ी, कुँओं के निर्माण से जल की समृद्धि विरासत में मिली किन्तु समय के साथ जल के ये स्रोत अव्यवस्था का शिकार हो गए और धीरे-धीरे जीर्ण-शीर्ण अवस्था में आ गए। हालाँकि कुछ तालाब आज भी सुरक्षित बचे हैं जिनका जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। जिनमें संग्राम सागर तालाब, इमरती तालाब प्रमुख हैं जिनके पुनरुद्धार का कार्य किया गया है। इसी के साथ जबलपुर में प्राचीन और विशाल बावड़ी भी मौजूद है जो गोंड़काल में जल का प्रमुख स्रोत हुआ करती थी किन्तु आज अतिक्रमण और रखरखाव के अभाव में जीर्ण-शीर्ण हो गई है। इसीलिए तय किया कि बावड़ी का विकास पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य होना आवश्यक है।

गढ़ा क्षेत्र की बावड़ी में श्रमदान आज

सांसद राकेश सिंह ने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ उजारपुरवा बावड़ी में किया श्रमदान

जल मंदिर होगा बावड़ी का नाम

सांसद श्री सिंह ने बताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले गतिमान भारत के कार्यक्रमों की शुरुआत बावड़ी में श्रमदान करते हुए सफाई अभियान के साथ की और उजारपुरवा की विशाल बावड़ी में कार्यकर्ताओं के साथ सफाई कार्य किया। यह बावड़ी आने वाले समय में जल मंदिर के रूप में जानी जाएगी और क्षेत्र में जल की उपलब्धता के साथ ही जलसंरक्षण के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। बावड़ी के सौंदर्यीकरण का कार्य सांसद निधि, स्मार्ट सिटी एवं राज्य सरकार के सहयोग से किया जाएगा।

अभियान में सबका रहा साथ

सफाई के दौरान सभी के कपड़े भी गंदे हुए पर अभियान में कोई पीछे नहीं रहा। इस दौरान नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नंदनी मरावी, आशीष दुबे, अखिलेश जैन, शरद जैन, एसके मुद्दीन, राममूर्ति मिश्रा, अरविंद पाठक, रिकुंज विज, कमलेश अग्रवाल, रत्नेश सोनकर, रजनीश यादव, राजेश मिश्रा, जय सचदेवा, राहुल जैन, अंजू भार्गव, संतोषी ठाकुर, अश्वनी परांजपे, लालू यादव, रूपा राव, योगेंद्र सिंह, संजय यादव आदि मौजूद रहे।

Created On :   2 Jun 2023 12:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story