- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 20 करोड़ से संवर रहे मदन महल स्टेशन...
Jabalpur News: 20 करोड़ से संवर रहे मदन महल स्टेशन के हाल-बेहाल

Jabalpur News: 20 करोड़ रुपए से शहर के मदन महल स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। इसके बाद भी यात्री सुविधा में कोताही बरती जा रही है। प्लेटफाॅर्म से लेकर वेटिंग रूम और पार्सल ऑफिस तक का निर्माण हो रहा है लेकिन यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। बारिश होने पर यहां यात्रियों के ऊपर शेड से पानी गिरता रहता है, यही स्थिति शुक्रवार की रात भी बनी थी जब तेज बारिश हो रही थी। प्लेटफाॅर्म का विस्तार हो रहा है और निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं, इसके बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल के सबसे पास के स्टेशन मदन महल में वेटिंग रूम तो बना है लेकिन स्थिति यह है कि यहां बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां भी नहीं हैं और एक पंखे के सहारे काम चल रहा है।
हालांकि 20 करोड़ रुपए से स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर-4 की तरफ वेटिंग रूम और पार्सल कार्यालय बनाया जा रहा है। रि-डेवलपमेंट के कार्य में ये दो काम हो रहे हैं और स्टेशन के दोनों तरफ के प्लेटफाॅर्मों का विस्तार किया जा रहा है। सभी कार्य यात्री सुविधा को देखते हुए ही किए जा रहे हैं। अभी जो शेड लगाए गए हैं कार्य के दौरान इसमें लापरवाही बरती गई है, यही कारण है कि बारिश होते ही यहां से पानी गिरने लगता है और प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों का बैठना मुश्किल हो जाता है। अभी कुछ समय पहले मुख्य स्टेशन में भी यही स्थिति बनी थी।
42 से ज्यादा ट्रेनें चल रहीं
मदन महल स्टेशन से जन शताब्दी ट्रेन चलती है, इसके अलावा लगभग 42 ट्रेनें यहां से निकलती हैं जिनका स्टॉपेज है। इन ट्रेनों से हर दिन सैकड़ों यात्री यहां से यात्रा करते हैं, इसके बाद भी रेल प्रशासन यात्री सुविधा की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। हालांकि रेलवे द्वारा यहां नया प्लेटफाॅर्म बनाया गया है और एस्केलेटर और लिफ्ट भी लगाई गई है लेकिन रखरखाव सही नहीं होने से यात्रियों को इन सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता है। चाहे जब यात्रियों को इस स्टेशन में परेशान होते हुए देखा जा सकता है।
जल्द कम्पलीट होगा काम
मदन महल स्टेशन में यात्री सुविधा को लेकर विकास कार्य चल रहे हैं। फरवरी माह तक काम कम्पलीट हो जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान अगर कहीं लापरवाही बरती जा रही है तो दिखवाया जाएगा और अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।
- हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ पमरे
जबलपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन 4 घंटे की देरी से रवाना
जबलपुर से पुणे के लिए चलने वाली स्पेशल ट्रेन 4 घंटे की देरी से रवाना हुई। यात्रियों को इसके कारण परेशानी हुई। स्पेशल ट्रेन के जबलपुर से जाने का समय दोपहर में 2 बजे का है लेकिन यह ट्रेन रविवार को शाम को 6 बजे रवाना हो सकी। रेल प्रशासन ने इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया है कि आखिर ट्रेन लेट क्यों हुई। जबकि सूत्रों का कहना है कि यह ट्रेन हमेशा ही लेट होती है, इसके पीछे की वजह यह है कि ट्रेन का समय पर रैक उपलब्ध नहीं होता है। रविवार को भी यही स्थिति बनी थी। यह जरूर है कि ट्रेन के लेट होने से जबलपुर के यात्री तो समय से पहुंचे लेकिन बाहर से आने वाले यात्रियों को प्लेटफाॅर्म पर इंतजार करना पड़ा। पुणे के लिए वैसे भी ट्रेनें कम होने से इस गाड़ी में यात्रियों की संख्या अधिक रहती है और हमेशा यह ट्रेन फुल होकर ही चलती है। ट्रेन की लेटलतीफी ने जरूर यात्रियों को परेशानी में डाल दिया।
Created On :   3 Nov 2025 7:24 PM IST












