जबलपुर: योजना को लेकर चार साल से हो रही चर्चा पर आज तक ऊँचा नहीं बन सका अधारताल स्टेशन का प्लेटफाॅर्म

योजना को लेकर चार साल से हो रही चर्चा पर आज तक ऊँचा नहीं बन सका अधारताल स्टेशन का प्लेटफाॅर्म
अनदेखी: मुख्य स्टेशनों को सँवारने के फेर में छोटे स्टेशनों को भूला रेलवे प्रशासन, समस्याओं का अम्बार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

मुख्य स्टेशन और मदन महल स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जा रहा है, यहाँ तक कि मुख्य स्टेशन में तो दोबारा नए सिरे से निर्माण कार्य कराए जाने की योजना तैयार की जा रही है। इन बड़े स्टेशनों को सँवारने के फेर में छोटे स्टेशनों का कायाकल्प नहीं हो पा रहा है। अधारताल स्टेशन पर ऊँचा प्लेटफार्म बनाने की चर्चा पिछले चार साल से हो रही है, मगर इसके प्रस्ताव को गति नहीं मिल पा रही है। इससे यहाँ यात्री सुविधाओं का भी विस्तार नहीं हो पा रहा है। यहाँ के हालात यह हैं कि एक प्लेटफाॅर्म से दूसरे प्लेटफाॅर्म में जाने के लिए यात्रियाें को पटरी पार करनी पड़ रही है। यहाँ अन्य भी समस्याएँ हैं जो लोगों की परेशानी का कारण बन रही हैं। गौरतलब है कि मुख्य स्टेशन से मात्र 8-9 किमी की दूरी पर स्थित अधारताल स्टेशन में यात्री सुविधाओं को बढ़ाने अनेक बार घोषणा की गई। मगर इसे पूरा करने कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। स्टेशन पर सुविधाओं के नाम पर गिनती की कुर्सियाँ हैं। पानी की सुविधा तक नहीं होने से यहाँ आने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ता है।

हाई लेवल प्लेटफाॅर्म का था प्रस्ताव

जानकारों की मानें तो अधारताल के एक प्लेटफाॅर्म काे हाई लेवल प्लेटफाॅर्म का रूप देने का प्रस्ताव है। इस पर चर्चा करीब चार साल पहले हो चुकी है। जिससे यहाँ रुकने वाली ट्रेनों में यात्रियों को सवार होने के लिए खतरा मोल न लेना पड़े। वहीं स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म एक से दो पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज भी बनाने का प्रस्ताव है। इस ब्रिज के बनने के बाद प्लेटफाॅर्म दो को हाई लेवल प्लेटफाॅर्म का रूप देने का प्रस्ताव है मगर इन दोनों प्रस्तावों को मंजूरी नहीं मिल सकी है।

स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था नहीं, भगवान भराेसे खड़े हो रहे वाहन।

यात्रियों को खान-पान की भी कोई सुविधा नहीं है।

फुटओवर ब्रिज न होने से यात्रियों को पटरी से गुजरना पड़ रहा है।

पीने के पानी से लेकर सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

Created On :   2 Oct 2023 7:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story