पुरानी रंजिश के चलते की थी बदमाश पर फायरिंग

घायल की हालत सुधरी, आरोपियों के नाम बताए

डिजिटल डेस्क जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित बहोराबाग के पास रविवार की शाम एक बदमाश पर की गई फायरिंग में गोली उसकी पीठ में लगी थी। मेडिकल में इलाज के दौरान सोमवार को उसकी हालत में सुधार होना बताया जा रहा है। पुरानी रंजिश के चलते उस पर फायरिंग की गयी थी। घायल ने आरोपियों के नाम पुलिस को बताए हैं, उस आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बंधैया मोहल्ला निवासी वारिस मिश्रा उम्र 32 वर्ष के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। रविवार की शाम वह बहोराबाग से रजा चौक की ओर जा रहा था, उसी दौरान उस पर फायरिंग की गयी थी। घायल ने पुलिस को बताया कि उस पर गगन यादव, मनीष अहिरवार, गोपी व अन्य ने फायरिंग की थी। वारदात के बाद सभी आरोपी बाइक से भाग निकले थे। घायल के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

गोपी पर किया था चाकू से हमला

जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते वर्ष 2018 में गोली कांड में घायल वारिस मिश्रा ने माढ़ोताल क्षेत्र में गोपी पर चाकू से हमला किया था। वहीं मनीष से भी किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते वारिस और दूसरे गुट के बीच कई बार झगड़ा हो चुका था।

दो साल पहले भी की थी फायरिंग

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 6 जुलाई 2021 की रात दमोहनाका स्थित एक निजी अस्पताल के पास वारिस अपने साथियों के साथ खड़ा था उस दौरान नितिन पटैल, मनीष अहिरवार, गोपी नामदेव, हनी यादव से विवाद हुआ था जिसके बाद गोपी ने वारिस व उसके साथी सतेंद्र पर फायरिंग की थी।

Created On :   4 Dec 2023 5:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story