- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- संपत्ति को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि...
Jabalpur News: संपत्ति को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि भाई और भाभी की चाकू मारकर कर दी हत्या

Jabalpur News: घमापुर थाना क्षेत्र में दो भाइयों के बीच चल रहा संपत्ति विवाद इतना बढ़ा कि छोटे ने अपने बड़े भाई और उसकी पत्नी की चाकू मारकर नृशंस हत्या कर दी। शुक्रवार की दोपहर हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शव पीएम के लिए भिजवाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने पत्नी को भी आरोपी बनाया है।
लम्बे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार बल्दी कोरी की दफाई निवासी बबलू चौधरी का अपने बड़े भाई 45 वर्षीय संजय चौधरी के साथ लम्बे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पूर्व में भी उनके बीच कई बार कहा-सुनी हो चुकी थी। शुक्रवार को दोपहर करीब 1:30 बजे बबलू और संजय चौधरी के बीच पुन: विवाद हुआ और मारपीट होने लगी। इस दौरान गुस्से में आकर बबलू चौधरी ने चाकू से अपने बड़े भाई संजय चौधरी और उनकी पत्नी 40 वर्षीय बबीता पर हमला कर दिया। उन दोनों ने बचने के लिए वहां से दौड़ भी लगाई लेकिन वे दोनों अधिक दूर नहीं जा सके। सिर, कंधों एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण दोनों पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचीं और दोनों को ऑटो में विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पूरे इलाके में पसर गया सन्नाटा
आरोपी बबलू चौधरी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू की गई है। वहीं इस जघन्य हत्याकांड के बाद से क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि दोनों भाइयों के बीच चल रहे संपत्ति विवाद की तो उन्हें जानकारी थी, लेकिन यही झगड़ा एक दिन जानलेवा बन जाएगा, इसकी कल्पना किसी ने भी नहीं की थी।
नमकीन बेचकर करता था जीवन-यापन
पुलिस के अनुसार मृतक संजय नमकीन बेचकर अपने परिवार का जीवन-यापन करता था। उसके परिवार में दो बच्चे 10 वर्षीय सूर्यांश एवं 6 वर्षीय आदर्श भी हैं। घर का आधा हिस्सा संजय ने कुछ समय पूर्व बबलू को दे दिया था। इसी मकान के पीछे संजय और बबलू के दादा रामलाल की भी जमीन थी। इस भूमि पर भी संजय ने निर्माण कार्य किया था। इसी बात से बबलू नाराज चल रहा था। थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि मृतक संजय के शरीर पर चाकू के 23 से अधिक वार दिखाई दे रहे हैं। उसकी पत्नी बबीता पर भी 20 से अधिक चाकू से वार के निशान पाए गए हैं।
अपराध पर अंकुश लगाने की मांग
चुंगी चौकी कांचघर लालमाटी व्यापारी संघ ने आरोप लगाया है कि घमापुर थाना क्षेत्र संगीन अपराधियों का केंद्र बन चुका है, जिसकी वजह से आमजन एवं व्यापारियों का जीना मुश्किल हो रहा है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, उनमें पुलिस का तनिक भी खौफ नहीं रहा, इसलिए पूरे इलाके में नशीले पदार्थों का कारोबार हो रहा है। व्यापारी संघ के सरमन रजक, संजू भोजक, मुन्ना ठाकुर, राजेंद्र गुप्ता, डॉ. रमाकांत रावत, सुधीर शर्मा, राम रतन यादव, अतुल गुप्ता, अरविंद पैगवार आदि ने जिला एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सख्ती के साथ अपराधों को रोका जाए।
Created On :   25 Oct 2025 5:58 PM IST












