Jabalpur News: सेवा कार्यों से ही सफल होता है मानव जीवन

सेवा कार्यों से ही सफल होता है मानव जीवन
रोटरी अंतरराष्ट्रीय समारोह में मुख्यमंत्री ने समाजसेवी संदीप जैन व अरुणकांत अग्रवाल को प्रदान किए अवाॅर्ड

Jabalpur News: परमात्मा ने हमें शरीर दिया है, यह शरीर हमें अच्छे कर्म करने के लिए मिला और यदि हमारे कर्म सेवा बन जाएं तो हमारा जीवन सफल है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. माेहन यादव ने होटल विजन महल में आयोजित रोटरी अंतरराष्ट्रीय अवाॅर्ड समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में कही। उन्होंने वर्ष 2024-25 के लिए नॉन-रोटेरियन वर्ग में मानवता की सेवा में उत्कृष्टता के लिए समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन एवं रोटेरियन वर्ग में स्वयं से परे सेवा के लिए रोटेरियन अरुणकांत अग्रवाल को अवाॅर्ड प्रदान किया।

इस दौरान 42 से अधिक समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सीएम ने कहा कि मां नर्मदा की यात्रा अमरकंटक से प्रारंभ होकर सागर तक होती है और इस यात्रा में कई क्षेत्र जुड़ते हैं पर मुझे लगता है, मां नर्मदा ने जो आशीर्वाद जबलपुर को दिया है, वो अद्भुत है। जनकल्याणकारी कार्यों के लिए हमारी सरकार को रोटरी जैसी संस्थाओं के कार्यों से प्रेरणा मिलती है और ईश्वर ने हमें गिनती की सांसें दी हैं, इसीलिए हमारे हाथ से जितना अच्छा हो सके करना चाहिए। सेवा कार्यों से ही मानव जीवन सफल होता है।

हमें विरासत में मिले सेवा कार्य

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सेवा कार्यों के लिए जब भी कोई नामा आता है, तो सबसे पहले विश्व की अग्रणी संस्था रोटरी का नाम आता है, सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी संस्था रोटरी है। सेवा कार्य हमें विरासत में मिले हैं और सेवा के इस कार्य को रोटरी क्लब आगे बढ़ा रहा है, यह अनुकरणीय है।

अच्छे कार्यों की सराहना

विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने कहा कि रोटरी की अद्भुत यात्रा है। 120 वर्षों का इतिहास है। ये रोटरी की परम्परा है कि जो अच्छा कार्य करते हैं, उसे सराहा जाता है। आज अरुणकांत अग्रवाल और संदीप जैन को यह अवाॅर्ड इसीलिए दिया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने समाजसेवा और मानवता की सेवा में अच्छा कार्य किया है। श्री तन्खा ने कहा रोटरी की अजब-गजब दुनिया है। यहां कोई पार्टी नहीं कोई मतभेद नहीं, सब मिलकर और साथ आकर सेवा कार्य करते हैं।

एक शहर को दो सर्वोच्च सम्मान| रोटरी के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अखिल मिश्रा ने कहा कि नॉन रोटेरियन में यह अवॉर्ड पूरे विश्व में अब तक केवल 165 लोगों को मिला है। यह पहला अवसर है, जब किसी एक शहर को रोटरी इंटरनेशनल के दोनों सर्वोच्च सम्मान एक साथ प्राप्त हुए। स्वागत भाषण डॉ. जितेंद्र जामदार ने दिया, कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश धीरावाणी एवं आभार दिनेश काल्वे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्री मिश्रा को रोटरी इंटरनेशनल द्वारा उनके कार्यकाल के लिए सम्मानित किया गया।

ये रहे उपस्थित| कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकडे, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, सीए अखिलेश जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, पूर्व जस्टिस एचपी सिंह, प्रशांत पोल, लेखराज सिंह मुन्ना, रोटेरियन सुनील फाटक, बलदीप सिंह मैनी, सारंग भिड़े, मिताली बैनर्जी, संजय छत्तानी, शिखा पौराणिक, अखिल खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।

Created On :   27 Oct 2025 5:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story