- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शैलपर्ण उद्यान, अव्यवस्थाएं इतनी कि...
Jabalpur News: शैलपर्ण उद्यान, अव्यवस्थाएं इतनी कि लोग यहां आने से डरने लगे

Jabalpur News: देवताल के समीप स्थित शैलपर्ण उद्यान में इतनी ज्यादा अव्यवस्थाएं हो गईं कि अब लोग यहां आने से डरने लगे हैं। यहां पर आने वाले पर्यटकों की कोई सुरक्षा के लिए गार्ड तक नहीं है। लंबे समय से यहां पर सफाई तक नहीं हुई है। बच्चों के झूले तक टूट चुके हैं। इसके बाद भी नगर निगम उद्यान को विकसित नहीं कर रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि नगर निगम ने लगभग 20 वर्ष पूर्व शैलपर्ण उद्यान को विकसित किया था। उस समय काफी लोग शैलपर्ण उद्यान में घूमने के लिए आते थे। बड़ी संख्या में लोग यहां पर पिकनिक मनाने के लिए पहुंचते थे। यहां पर सामाजिक कार्यक्रम भी होते थे। धीरे-धीरे नगर निगम ने उद्यान की देखरेख बंद कर दी। अब हालत यह है कि उद्यान की कुर्सियां और बच्चों के झूले टूट चुके हैं। जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा हुआ है। नियमित रूप से उद्यान की सफाई भी नहीं की जाती है। उद्यान की व्यवस्थाएं भगवान भरोसे छोड़ दी गई हैं।
सामाजिक संस्थाएं करती हैं सफाई
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि शैलपर्ण उद्यान में साफ-सफाई का काम सामाजिक संस्थाएं करती हैं, तभी उद्यान साफ-सुथरा नजर आता है। इसके साथ ही यहां पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण भी किया गया है। नगर निगम के कर्मचारी पौधों की भी देखरेख नहीं करते हैं।
उपेक्षा का शिकार हो गया शैलपर्ण
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि शैलपर्ण उद्यान पहाड़ियों के बीच बहुत ही सुंदर जगह पर है। इतने सुंदर उद्यान को उपेक्षित छोड़ दिया गया है। शहर के अन्य उद्यानों में काम किए जा रहे हैं लेकिन शैलपर्ण उद्यान के लिए कोई योजना तैयार नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि शैलपर्ण उद्यान को जल्द ही विकसित किया जाना चाहिए, ताकि लोग यहां पर फिर से आ सकें। शैलपर्ण उद्यान में दिन भर प्रेमी युगल आते है, जो यहां-वहां घूमते रहते हैं। सुरक्षा गार्ड नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व भी घूमते रहते हैं, जो प्रेमी युगल के साथ लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
शैलपर्ण उद्यान को विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही उद्यान को विकसित करने का काम शुरू किया जाएगा।
- आलोक शुक्ला, उद्यान अधिकारी, नगर निगम
Created On :   27 Oct 2025 4:53 PM IST












