- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 14 मिनट का वक्त तय फिर भी 5 से 7...
Jabalpur News: 14 मिनट का वक्त तय फिर भी 5 से 7 मिनट में ही ले रहे पैसे, हर दिन विवाद

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर ड्राॅप एंड गो करने वाले वाहनों से भी पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। वसूली करने वाले नियम को भी नहीं मान रहे। वैसे तो दूरी के हिसाब से हर जगह वाहनों के अंदर आने से लेकर बाहर जाने तक का समय तय होता है। डुमना एयरपोर्ट पर बैरियर थोड़ी दूरी पर है।
इसलिए यहां 14 मिनट का ड्राॅप एंड गो का नियम है इसमें भी 5 मिनट तक एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग के सामने वाहन खड़े हो सकते हैं। इतनी देर में तो आसानी से वाहन चालक यात्रियों और सवारियों को छोड़कर बाहर आ सकता है। वैसे फ्लायर्स को छोड़कर आने में 5 से 7 मिनट का ही वक्त लगता है।
फिर भी एयरपोर्ट पर पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है, जो भी वाहन चालक नियम बताता है तो उसके साथ अभद्रता की जाती है। एयरपोर्ट प्रबंधन से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। एयरपोर्ट पहुंचे वाहन चालक राजकुमार और संदीप मिश्रा ने बताया कि हर बार पार्किंग को लेकर कोई न कोई परेशानी आती रहती है और जबरन वसूली भी होती है।
नागपुर की एजेंसी के पास पार्किंग ठेका
पार्किंग का ठेका नागपुर की पीसीटी मल्टी सर्विस के पास है। कंपनी ने शुल्क वसूली के लिए लोकल लड़के लगा रखे हैं, जो किसी के भी साथ दुर्व्यवहार करते हैं। यही कारण है कि एयरपोर्ट आने-जाने वाले चुपचाप भुगतान कर देते हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने ठेका 3 साल का दिया है, लेकिन हर महीने एक से डेढ़ लाख का भुगतान लेती है।
यही वजह वह अपना टारगेट पूरा करने अनाप-शनाप पैसे लेते हैं। अभी कुछ दिन पहले पार्किंग वाले का स्कैनर काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण नकद वसूली की जा रही थी। इससे भी कई बार विवाद की स्थिति बनी। वैसे भी आधा घंटा तक का फोर व्हीलर का चार्ज 30 रुपए है, लेकिन 50 रुपए तक लिए जाते हैं। ऐसे ही दो घंटे तक के 40 रुपए ले सकते हैं, लेकिन इसके लिए भी मनमानी वसूली होती है।
वाहन पार्किंग के लिए सभी नियम व शर्तें तय हैं, अगर इसके बाद भी गलत तरीके से किसी से पैसे लिए जा रहे हैं तो यह गलत है। इसकी जांच की जाएगी और कार्रवाई भी की जाएगी।
-नीरज गुडवानी, प्रभारी एयरपोर्ट डायरेक्टर डुमना
Created On :   13 Jun 2026 6:03 PM IST












