Jabalpur News: राष्ट्रपति का काफिला मेन गेट से आएगा वीवीआईपी की लिस्ट पर हो रहा है मंथन

राष्ट्रपति का काफिला मेन गेट से आएगा वीवीआईपी की लिस्ट पर हो रहा है मंथन
रादुविवि का दीक्षांत: पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही बढ़ी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज होती जा रही हैं। शुक्रवार को विवि में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा था। इस दौरान यह तय किया गया कि राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू का काफिला मुख्य गेट से प्रवेश करेगा जबकि बाकी के अतिथियों और विद्यार्थियों को गेट नंबर 4 से प्रवेश दिया जाएगा।

इसके साथ ही विवि में किस-किस वीवीआईपी को बुलाया जाएगा इस पर मंथन किया जा रहा है। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसे देखते हुए विवि की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जा रहा है। हर आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

राष्ट्रपति सुरक्षा, प्रोटोकॉल और बैठक क्षमता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया है। सभी वाहनों की पार्किंग चार नंबर की ओर की जाएगी। आयोजन में सभी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर भी शामिल होंगे। इसके अलावा मंत्री, सांसद, विधायक के नामों की सूची भी बन रही है।

सफाई से जुड़े तीन कर्मियों के किए गए तबादले

दीक्षांत की तैयारियों के बीच यह बात खुलकर सामने आई है कि विवि की सफाई व्यवस्था में बड़ी खामी है। सफाई व्यवस्था से जुड़े कई कर्मचारी दूसरे विभागों में कार्य कर रहे हैं और वहां वे दूसरे कार्यों में लगे हैं।

इसे देखते हुए कुलसचिव कार्यालय ने शुक्रवार को यांत्रिकी विभाग में पदस्थ अजय बैगा, स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ पार्वती बैगा एवं केंद्रीय ग्रंथालय में पदस्थ सुमंत्री भारती को सफाई विभाग में स्थानांतरित किया है।

Created On :   13 Jun 2026 6:11 PM IST

Tags

Next Story