Jabalpur News: कमर्शियल एरियाें में रात को सड़कों पर नहीं लग रही झाड़ू, सुबह वार्डों की सफाई व्यवस्था हो रही प्रभावित

कमर्शियल एरियाें में रात को सड़कों पर नहीं लग रही झाड़ू, सुबह वार्डों की सफाई व्यवस्था हो रही प्रभावित
हर वार्ड में यही हालात, गली-मोहल्लों के बाद मार्केटों में हो रही सफाई, रोज बन रही विवाद की स्थिति

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्वच्छता अभियान को लेकर नगर निगम प्रशासन शहर में 24 घंटे सफाई व्यवस्था को लेकर सजगता से काम करने का दावा कर रहा है, लेकिन सच्चाई ठीक इसके विपरीत है, क्योंकि शहर के कई कमर्शियल एरियों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था ठप हाेने से सुबह की टाइमिंग में होने वाली सफाई व्यवस्था प्रभावित है।

ये हालात विगत एक महीने से लगातार बने हुए हैं, जिसको लेकर आए दिन विवाद भी हो रहे हैं लेकिन अफसरों की तरफ से कोई मॉनिटरिंग नहीं की जाती है। इस अव्यवस्था के कारण एक तरफ आम जनता परेशान है, तो वहीं सुबह की शिफ्ट मंे काम करने वाले सफाई कर्मियों पर काम का डबल लोड है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने शहर की सफाई व्यवस्था दो शिफ्टों में निर्धारित की है जिसमें सुबह की टाइमिंग में रहवासी एरिया में झाड़ू लगाने के साथ कचरा कलेक्शन करने का काम होता है।

इसी तरह रात में कमर्शियल एरियों में झाड़ू और कचरा कलेक्शन का काम होता है लेकिन रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण सुबह सड़कों में कचरा फैला रहता है, जिसके कारण सुबह पहले मेन रोड के साथ गली-मोहल्लों में झाड़ू और कचरा उठाने के बाद मार्केटों की सफाई होने से काम बुरी तरह प्रभावित है।

निवाड़गंज सब्जी मंडी में गंदगी के ढेर

शहर के सबसे पुराने और पारम्परिक बाजार गढ़ाफाटक सब्जी मंडी और निवाड़गंज में रात के समय नियमित रूप से झाड़ू और कचरा कलेक्शन न होने से जगह-जगह कचरे के ढेर और गंदगी का माहौल देखा जा सकता है। इसी तरह थोक मार्केट प्रिंस स्ट्रीट, नरघैया, मुकादमगंज, रसल चौक, करमचंद चौक से ओमती समेत अन्य जगहों पर भी यही हालात बने हुए हैं।

Created On :   13 Jun 2026 5:57 PM IST

Tags

Next Story