Jabalpur News: उमरिया-डुंगरिया औद्याेगिक क्षेत्र में इकाइयाें के विस्तार के साथ हो सकता है रोजगार का सृजन

संभागायुक्त व कलेक्टर ने किया औद्योगिक क्षेत्र का दौरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने उमरिया-डुंगरिया औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर औद्योगिक गतिविधियों का जायजा लिया। यहां उन्होंने इकाइयाें के विस्तार के साथ ही रोजगार के सृजन पर भी चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, कार्यकारी निदेशक एमपीआईडीसी अनिल राठौर, एसडीएम मदन रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त श्री सिंह ने औद्योगिक क्षेत्र परिसर में वृक्षारोपण किया तथा जल संरक्षण की गतिविधियों की जानकारी भी ली। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक एमपीआईडीसी ने औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि औद्योगिक क्षेत्र फेज 1 में 30.306 हेक्टेयर भूमि पर 7.74 करोड़ की लागत से अधोसंरचना विकास कार्य कराया गया है, जो भौतिक रूप से पूर्ण हो चुका है।

उन्होंने बताया कि उमरिया-डुंगरिया फेज-1 व फेज-2 में 104.20 हेक्टेयर भूमि पर 14.97 करोड़ रुपए की लागत से अधोसंरचना उन्नयन कार्य प्रगति पर है। यह कार्य अगस्त माह तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में अब तक 159 औद्योगिक इकाइयों को 65.863 हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है। इनमें से 96 इकाइयां उत्पादनरत हैं। जिनमें 423 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश हुआ है तथा 1,945 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हुआ है। इसके अलावा 17 औद्योगिक इकाइयाें का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

Created On :   25 July 2026 4:52 PM IST

Tags

Next Story