Jabalpur News: काॅमर्शियल सिलेंडरों के नियम तो बने, डिलीवरी अभी शुरू नहीं

काॅमर्शियल सिलेंडरों के नियम तो बने, डिलीवरी अभी शुरू नहीं
एलपीजी संकट: बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, रोज लग रहीं लंबी कतारें

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। युद्ध के चलते उपजा एलपीजी संकट थमने का नाम ही नहीं ले रहा। काॅमर्शियल सिलेंडरों के साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के लिए लगातार मारामारी देखी जा रही है। इस बीच कालाबाजारी भी बढ़ गई है। हर एजेंसी में सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं। हालात ये हैं कि उपभोक्ताओं की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है और अगर किसी तरह हो भी जाए तो सिलेंडर मिलना आसान नहीं।

यहां तक कि बुकिंग के बाद भी लोगों को सिलेंडर लेने एजेंसी तक जाना पड़ रहा है। वहां भी घंटों कवायद के बाद सिलेंडर मिलना नसीब हो पा रहा है। वहीं तीन दिन पूर्व होटल-रेस्टाॅरेंट, उद्योग व अन्य प्रतिष्ठानों को काॅमर्शियल सिलेंडर देने गाइड लाइन जारी तो कर दी गई है और इस गाइड लाइन के हिसाब से बुकिंग भी चालू हो गई है।

घरेलू उपभोक्ताओं के सामने अब नई समस्या यह भी आ रही है कि जहां 25 दिन बाद नई बुकिंग के लिए समय निर्धारित किया गया है। बताया जाता है कि जिन उपभोक्ताओं की सिलेंडर के लिए बुकिंग हो भी रही है, तो हॉकर्स समय पर सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचा रहे हैं।

डिमांड के हिसाब से पर्याप्त डिलीवरी नहीं

जानकारों का कहना है कि होटल व रेस्टाॅरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों में जहां पूर्व में बड़ी मात्रा में काॅमर्शियल सिलेंडरों की जरूरत होती थी, उन्हें अब तीन-चार सिलेंडरों के दायरे में ला दिया गया है। होटल व रेस्टाॅरेंट संचालकों का कहना है कि इस लिमिट से लगातार किचन चलाना संभव नहीं है। होटल व रेस्टाॅरेंट कारोबार इन सिलेंडरों की सीमित लिमिट और लकड़ी व अन्य संसाधनों से किस तरह कारोबार संचालित कर सकते हैं।

ज्यादा पेट्रोल भरवाने की होड़ में बढ़ रही भीड़-

शहर में पेट्रोल की किल्लत के बीच स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। बुधवार को जहां एक दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर पेट्राेल खत्म होने की स्थिति निर्मित हो गई थी। वहीं गुरुवार को आधा दर्जन पेट्रोल पंपों पर यही स्थिति देखी गई। मगर इन पेट्रोल पंपों पर शाम तक पेट्राेल आने के कारण स्थिति सामान्य हो गई।

वहीं कुछ पंपों पर भीड़ जरूर देखी गई। जबलपुर पेट्रोल डीजल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मेहता ने बताया कि पेट्रोल को लेकर स्थिति नार्मल है। तीन दिन अवकाश होने के कारण पहले यह लग रहा था कि पेट्रोल पंप बंद होने की कगार पर आ जाएंगे, मगर ऑयल कंपनियों द्वारा तीन दिन क्रेडिट में पेट्रोल देने के निर्णय के बाद अब इस संभावना पर भी विराम लग गया है।

काॅमर्शियल गैस सिलेंडर देने के लिए गाइड लाइन जारी होने के बाद कुछ लोगों को निर्धारित मापदंड के अनुसार डिलीवरी दे रहे हैं। वहीं घरेलू गैस की सप्लाई में दिक्कत न हो इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं पेट्रोल की दिक्कत नहीं है।

-पुष्पेंद्र अहाके, डिप्टी कलेक्टर

Created On :   27 March 2026 3:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story