- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप में अपोलो...
आज से क्वार्टर फाइनल: दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप में अपोलो हॉस्पिटल की शानदार जीत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप में कॉर्पोरेट जगत के खिलाड़ी अपनी व्यस्त दिनचर्या और काम के दबाव के बीच मैदान पर उतरकर न केवल तनाव दूर कर रहे हैं, बल्कि शानदार खेल का प्रदर्शन भी कर रहे हैं। गुरुवार को खेल की शुरुआत अपोलो हॉस्पिटल और मेफेयर नाइट्स के बीच मुकाबले से हुई।
मैच से पहले भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं अर्जुन अवॉर्डी मधु यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर डायस थ्रो और टॉस कराया, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया। जहां अपोलो को 2 बोनस रन व 7वां ओवर फ्री हिट मिला। वहीं मेफेयर ने 5 बोनस रन और पहला ओवर फ्री हिट प्राप्त किया। इस दौरान दैनिक भास्कर के सीनियर जनरल मैनेजर मार्केटिंग केसी शर्मा भी मौजूद रहे।
पहला मैच: सुपर नॉकआउट में अपोलो की तूफानी बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अपोलो हॉस्पिटल की टीम ने 10 ओवर में 142/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया। सनी ने 27 गेंदों में 66 रन (6 छक्के, 5 चौके) की विस्फोटक पारी खेली, जबकि निखिल मिश्रा ने 18 गेंदों में 46 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी ने मैच का रुख पहले ही तय कर दिया।
भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं अर्जुन अवॉर्डी मधु यादव ने मैच से पहले खिलाड़ियों को शुभकानाएं दीं।
गेंदबाजों ने कसा शिकंजा
इसके पश्चात लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेफेयर नाइट्स की टीम दबाव में नजर आई और 10 ओवर में 67/8 रन ही बना सकी। निहाल ने 29 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। अपोलो की ओर से देवांश जाट ने 2 विकेट लिए, जबकि सुशांत कश्यप, रोहित, आमिर और निखिल मिश्रा ने 1-1 विकेट लेकर टीम को मजबूत जीत दिलाई। अपोलो ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण रखा और 75 रन से एकतरफा जीत दर्ज की। यह जीत टीम के आत्मविश्वास और लय को और मजबूत करने वाली साबित हुई।
निखिल मिश्रा
मैन ऑफ द मैच रहे रन: 46|विकेट: 01
दूसरा मैच: जीत के साथ अगले दौर में पहुंची एडमिन 11
एकतरफा मुकाबले में एडमिन 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आदिशंकर हॉस्पिटल को हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच में एडमिन 11 के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मुख्य अतिथि आशीष कोठारी ने डाइस फेंक कर दोनों टीमों को बोनस रन भी दिए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आदिशंकर हॉस्पिटल की टीम 10 ओवर में 9 विकेट खोकर मात्र 47 रन ही बना सकी।
एडमिन 11 की ओर से गेंदबाजी में सोनू और हर्षित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। दोनों गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। 48 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी एडमिन 11 की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। हालांकि टीम ने 3 विकेट जरूर गंवाए, लेकिन बल्लेबाजों ने बिना किसी दबाव के लक्ष्य हासिल कर लिया और टीम को एक आसान जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही एडमिन 11 ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
मुख्य अतिथि आशीष कोठारी, डायरेक्टर, कोठारी ग्रुप ने खिलाड़ियों का परिचय लिया
हर्षित शुक्ला
मैन ऑफ द मैच रहे रन: 14|विकेट: 02
तीसरा मैच: सीएनडी फार्मा ने आईबीएल को हराया
रोमांचक मुकाबलों के बीच दिन का आखिरी मैच सीएनडी फार्मा और आईबीएल 11 के बीच खेला गया, जिसमें सीएनडी फार्मा ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में सीएनडी फार्मा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और टीम के बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया।
शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए बल्लेबाजों ने आईबीएल 11 के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। निर्धारित 10 ओवरों में टीम ने 108 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सीएनडी फार्मा की ओर से मुशाहिद ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 48 रनों की शानदार पारी खेली। 109 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईबीएल 11 की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और कभी भी मैच में पकड़ बनाती नजर नहीं आई। पूरे 10 ओवर खेलने के बावजूद टीम सिर्फ 67 रन ही बना सकी और 41 रनों से मुकाबला हार गई। गेंदबाजी में भी सीएनडी फार्मा का दबदबा देखने को मिला। शाहिद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए।
मुख्य अतिथि तनय मेबन, जॉय सीनि. से. स्कूल के डायरेक्टर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया
मो. शाहिद
मैन ऑफ द मैच रहे विकेट: 03| रन: 09
दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप के दौरान राेमांचक मुकाबलों का आनंद उठाते दर्शक।
आज के मुकाबले
शाम 4:00 बजे
नेत्रा केयर - सीएनडी फार्मा
शाम 5:00 बजे
अपोलो हॉस्पिटल्स - जनपद इलेवन
शाम 6:30 बजे
नर्मदा जिलेटिन - मंगलायतन यूनिवर्सिटी
शाम 7:30 बजे
एडमिन इलेवन - फार्मा इलेवन
मैच के एम्पायर
एंड्रयू पॉल, संदीप बर्मन, अशोक सिंह, विजय और अंकित ने निभाई। मुजफ्फर खान रहे कॉमन्टेटर
नोट- सभी टीमों को बताए गए समय से आधा घंटे पहले ग्राउंड पर रिपोर्ट करना होगा।
Created On :   27 March 2026 12:59 PM IST












