Jabalpur News: पहले दिन से ही भटकने लगे 5वीं और 8वीं के बच्चे व अभिभावक

पहले दिन से ही भटकने लगे 5वीं और 8वीं के बच्चे व अभिभावक
  • रिटोटलिंग और अन्य शिकायतें लेकर पहुंचे थे दर्जनों पालक
  • डाइट से उन्हें मूल्यांकन केन्द्र भेजा गया, वहां ताला मिला

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बुधवार को कक्षा पांचवीं और आठवीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए और गुरुवार से ही पालक और बच्चे रिटोटलिंग और अन्य समस्याओं को लेकर डाइट पहुंचे, वहां से उन्हें मूल्यांकन केन्द्र भेजा गया लेकिन वहां ताला मिला। इससे परेशान अभिभावकों ने कहा कि एक तो बच्चों को 1-1 नम्बरों से फेल किया गया और उस पर अब सुनवाई नहीं हो रही है।

8वीं कक्षा में कुल 29 हजार 219 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें से 25 हजार 446 पास हुए। इस प्रकार कुल 87.09 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। पांचवीं कक्षा में 29 हजार 167 बच्चे पास हुए। इस प्रकार पांचवीं कक्षा का परिणाम 87.79 प्रतिशत रहा।

दोनों ही कक्षाओं में करीब 13 फीसदी बच्चे असफल हुए हैं। इन्हें दोबारा परीक्षा का मौका तो मिलेगा लेकिन जो बच्चे कम अंकों से असफल हुए हैं उनके पालक और वे खुद ही चाहते हैं कि उनकी कॉपियों को दोबारा जांचा जाए लेकिन इन कक्षाओं में रिवैल्युएशन का प्रावधान नहीं है और न ही कॉपियां दिखाने का नियम है, यह जरूर है कि रिटोटलिंग कराई जा सकती है, यही कारण है कि गुरुवार को दर्जनों बच्चे और पालक डाइट पहंुच रहे थे लेकिन उन्हें या तो अपने स्कूल भेजा जा रहा था या मूल्यांकन केन्द्र जाने की सलाह दी जा रही थी, जबकि मूल्यांकन करने वाले अब वहां नहीं हैं और केन्द्राध्यक्ष भी डाइट पहुंच चुके हैं।

सबमें अच्छे नम्बर, ईवीएस में फेल- कुछ पालकों ने बताया कि उनके बच्चे सभी सब्जेक्ट में टॉपर हैं लेकिन ईवीएस में उसे फेल कर दिया गया है। 20 नम्बरों में बच्चे पास हो जाते हैं लेकिन बच्चे को 19 नम्बर दिए गए हैं। ऐसा एक नहीं कई बच्चों के साथ हुआ है। ग्रेस का लाभ भी बहुत से बच्चों को नहीं दिया गया है। इस मामले में बीआरसी और डीपीसी को ध्यान देना होगा।

दोनों ही कक्षाओं में पुनर्मूल्यांकन नहीं होता केवल रिटोटलिंग होती है। इसके लिए भी पोर्टल पर लिंक दी जाएगी और वह अप्रैल माह में खोली जाएगी। इसमें आवेदन करना होगा वरना जून में द्वितीय परीक्षा में शामिल हुआ जा सकता है। बच्चों और अभिभावकों को भटकाया न जाए, बल्कि उन्हें सही जानकारी दी जाए। इसके लिए सभी बीआरसी और डाइट को निर्देश दिए जाएंगे।

योगेश शर्मा, डीपीसी

Created On :   27 March 2026 3:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story