Jabalpur News: अधारताल के फर्नीचर कारखानों में लगी भीषण आग, फर्नीचर और रॉ मटेरियल जलकर खाक

अधारताल के फर्नीचर कारखानों में लगी भीषण आग, फर्नीचर और रॉ मटेरियल जलकर खाक
सात दमकल वाहनों की मदद से चार घंटे में आग पर पाया जा सका काबू

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अधारताल सब्जी मंडी के पीछे स्थित फर्नीचर के दाे कारखानों में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू करने के लिए चार घंटे तक मशक्कत करती रहीं, तब कहीं जाकर आग पूरी तरह कंट्राेल हो सकी। हादसे में लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह 5 बजे अधारताल सब्जी मंडी के पीछे स्थित इरशाद अंसारी और एजाज अहमद के फर्नीचर के कारखाने में अचानक आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि वह बाजू में स्थित सुरेश प्रसाद साहू के फर्नीचर कारखाने तक जा पहुंची और दोनों ही कारखाने इसकी चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मचारी फायर फाइटर वाहनों के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। इस वक्त तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। दमकल कर्मियों ने कई वाहन पानी डालकर आग को बुझाया। आग से इरशाद अंसारी के कारखाने में रखा फर्नीचर, प्लाईवुड और रॉ मटेरियल जल गया।

वहीं सुरेश प्रसाद साहू के कारखाने में रखा फर्नीचर, रॉ मटेरियल, फर्नीचर बनाने के लिए एकत्र लकड़ियों के साथ ही उनके घर के पिछले हिस्से में लगा एसी, दरवाजे, खिड़कियां और अन्य सामान जल गया। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।

बताया गया है कि जिन फर्नीचर कारखानों में आग लगी वहां बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाईवुड और रॉ मटेरियल का स्टॉक रखा हुआ था। कारखाने से धुआं उठता देख मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मी और अन्य लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले खुद भी अग्निशामक यंत्र और बोरिंग चालू करके आग को बुझाने के प्रयास किए लेकिन आग नियंत्रण में नहीं आ सकी।

लपटों को देख बाहर भागे परिजन

बताया जाता है कि सुबह जब कारखाने में आग लगी तब साहू परिवार कारखाने से लगे हुए अपने मकान में मौजूद था। आग की लपटें घर की ओर बढ़ती देख तत्काल पूरा परिवार दौड़कर घर से बाहर आ गया। इस दौरान आग की लपटें उनके घर के पिछले हिस्से तक जा पहुंची थीं, जिससे घर के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा है।

Created On :   27 March 2026 5:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story