- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जिस बरगी बांध पर प्रदेश की नजर, वह...
Jabalpur News: जिस बरगी बांध पर प्रदेश की नजर, वह 24 घंटे में आधा मीटर भरा

- बिना ब्रेक के मेहरबान रहेगा मानसून, करता रहेगा तरबतर
- एक चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश में प्रभावी नजर आ रहा है।
- शहर में गुरुवार को हुई डेढ़ इंच बारिश को मिलाकर कुल साढ़े पांच इंच बरसात दर्ज हो चुकी है।
Jabalpur News: शहर में गुरुवार को भी मानसून मेहरबान रहा, जिसमें सुबह तेज और फिर धूप के बाद बादल छाकर हल्की बारिश होती रही। एक्सपर्ट के अनुसार बिना ब्रेक के अगले 3 से 4 दिन तक शहर में मानसूनी बादलों का प्रभाव बना रहेगा। इसकी वजह यह है कि कई तरह के सिस्टम आसपास सक्रिय हैं। चक्रवातीय परिसंचरण बंगाल की खाड़ी से उड़ीसा व छग तक है।
इसी तरह एक चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश में प्रभावी नजर आ रहा है। इसके साथ मध्य प्रदेश गुजरात से ट्रफ लाइन गुजर रही, जो बता रही है कि आगे अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में जून माह का बारिश का कोटा 7 इंच है। शहर में गुरुवार को हुई डेढ़ इंच बारिश को मिलाकर कुल साढ़े पांच इंच बरसात दर्ज हो चुकी है। अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना बनी हुई है।
तब बादल आकर्षित होते हैं
एक्सपर्ट के अनुसार मानसून ट्रफ एक निम्न दबाव का क्षेत्र होता है, जो पाकिस्तान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैला होता है, इसमें नमी युक्त हवाएं होती हैं। यह मानसून बादलों को आकर्षित करता है।
एक नजर इस पर
मानसून से पहले बांध का जलस्तर
409.90
मानसून आने के साथ ही जल स्तर पहुंचा
410.60
बांध का उच्चतम जल स्तर है
422.76
जल ग्रहण वाले स्टेशनों पर हो रही बारिश से पानी आना तेज हुआ
मानसून के शुरुआती एक दो दिन तक जहां बरगी बांध में पानी घट रहा था, तो वहीं मानसून के गति पकड़ते ही अब बांध में पानी आना तेज हो गया है। बांध में बीते 24 घंटे में आधा मीटर पानी आकर जमा हुआ है। वर्तमान में बांध में 789 घन मीटर प्रति सेकेण्ड की रफ्तार से पानी आ रहा है। गुरुवार की शाम तक बांध का जल स्तर 410.60 मीटर की सीमा पर पहुंचा गया।
पूरे जल भराव एरिया का यह 23.49 प्रतिशत है। बांध से इस समय नर्मदा में 98 घन मीटर प्रति सेकेण्ड की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है। इधर जिन स्टेशनों से बांध में पानी आता है उनमें बीते दो से तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। जल प्रबंधन देखने वाले राजा राम रोहित के अनुसार जल्द ही नर्मदा का जल स्तर अब ऊपर की ओर आएगा। बांध मानसून आने से पहले 20 प्रतिशत तक भरा था, अब इसमें 4 प्रतिशत के करीब इजाफा हो चुका है।
बांध में यहां का पानी आकर जमा होता है
मण्डला, डिण्डौरी, मनोट, मवई, मुक्की, मोहगांव, बम्हनी बंजर और बरगी नगर। कुल 8 स्टेशनों का पानी आकर जमा होता है। इन जल ग्रहण क्षेत्रों में अब तक 7 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। इन स्टेशनों पर हुई कुल बारिश का औसत निकाला जाता है।
Created On :   27 Jun 2025 6:56 PM IST