जबलपुर न्यूज: बारिश से जबलपुर बेहाल, जगह -जगह जलभराव

धनवंतरी नगर, गंगानगर, भानतलैया सहित कई जगह भरा पानी

डिजिटल डेस्क जबलपुर रुक रुक कर हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बीते 24 घंटे से भी ज्यादा समय से हो रही बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव के हालात नजर आ रहे है। सड़कों और कालोनियों में पानी की निकासी नहीं होने से बारिश का पानी भर रहा है। कई इलाकों में सड़कों पर तालाब जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। कई क्षेत्रों में तो जलभराव के कारण लोगों का घरों और सड़कों से निकलना मुश्किल हो रहा है। महाराणा प्रताप वार्ड के अंतर्गत धनवंतरीनगर लाल स्कूल के पास, नवनिवेश कालोनी और गंगा नगर में राधा कृष्ण मंदिर के पास सड़के जलमग्न हो गई । गाड़ियां पानी में आधी डूबी नजर आई। इसके अलावा भानतलैया के पंजाबी मोहल्ले में बारिश से ओवरफ्लो हुए नाले का गंदा पानी लोगों के घर के आसपास जमा हो गया। लोगों का कहना है कि नाले नालियों की सफाई न होने और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश में जलप्लावन हो रहा है। वहीं भंवरताल उद्यान के सामने, हाथीताल, चेरीताल सहित अन्य इलाकों में भी सड़कों पर जल भराव हुआ, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।


Created On :   22 Aug 2026 4:01 PM IST

Tags

Next Story