जबलपुर: रादुविवि में 500 कर्मचारी और शिक्षक उसमें से 300 की लगा दी चुनाव ड्यूटी

रादुविवि में 500 कर्मचारी और शिक्षक उसमें से 300 की लगा दी चुनाव ड्यूटी
अधिकारी परेशान, परीक्षाएँ, छात्रवृत्ति सहित भुगतान के कैसे होंगे काम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

विधानसभा चुनाव को लेकर अब चुनावी ड्यूटी लगनी शुरू हो गई है। चुनाव के लिए प्रशिक्षण भी शुरू हो गए हैं, ऐसे में कई विभागों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगने से अधिकारी परेशान हैं। यही स्थिति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की भी है। यहाँ लगभग 500 कर्मचारी और शिक्षक हैं, जिनमें से 300 की चुनाव ड्यूटी लगा दी गई है। विश्वविद्यालय में अभी कई विषयों की परीक्षाएँ चल रही हैं। इसके अलावा छात्रवृत्ति और कई तरह के भुगतान भी होने हैं जिसके चलते काम अटकने की बात अधिकारियों द्वारा कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगने के कारण परेशानी होगी।

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में लगभग साढ़े 4 सौ कर्मचारी हैं, जो परीक्षाओं के संचालन, फीस संबंधी काम व ऑडिट से जुड़े हैं। इनमें से लगभग पौने 3 सौ कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगने से इन कामों को लेकर दिक्कत हो सकती है। वहीं 31 अक्टूबर से बीए, बीएससी और बीकाॅम प्राइवेट की प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षाएँ शुरू हो रही हैं, जो पूरे नवंबर माह चलेंगी। 7 हजार छात्रों के लिए 5 जिलों में 15 सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षाओं के बीच में ही चुनाव भी होंगे। ऐसे में कर्मचारियों की ड्यूटी लगने से परेशानी होगी। इसी तरह आधा सैकड़ा शिक्षकों में से ज्यादा की चुनाव ड्यूटी लगाई गई है। इससे कक्षाएँ और अन्य काम प्रभावित होंगे। विवि के कुलसचिव डाॅ. दीपेश मिश्रा का कहना है कि बड़ी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है जिससे परेशानी तो होगी लेकिन चुनाव भी जरूरी है। कुछ लोगों को राहत मिल जाती तो विवि के काम भी आसानी से हो सकते हैं। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी से पत्राचार किया जाएगा।

Created On :   26 Oct 2023 7:46 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story