कागजों में दफन हो गई पहाड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना

कागजों में दफन हो गई पहाड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना
शंकर टोरिया की पहाड़ी पर हो गए अवैध कब्जे, जिम्मेदार मौन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

लाला लाजपत राय वार्ड के अंतर्गत पुराने मानेगाँव की शंकर टोरिया पहाड़ी पर लगातार अवैध कब्जे हो रहे हैं। भू-माफिया पत्थर तोड़कर लगातार कब्जे कर रहे हैं। पहाड़ी पर 100 से अधिक मकान बन चुके हैं। जिला प्रशासन और नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। इससे पहाड़ी पर अवैध कब्जा करने की खुली छूट मिली हुई है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पहले तक पुराने मानेगाँव की शंकर टोरिया पहाड़ी हरी-भरी थी। यहाँ पर बड़े-बड़े वृक्ष लगे हुए थे। धीरे-धीरे पहाड़ी पर अवैध कब्जे होने लगे। पहले पहाड़ी पर लगे वृक्षों को काटा गया, इसके बाद पहाड़ी को तोड़कर अवैध कब्जे किए जाने लगे। क्षेत्रीय नागरिकों ने पहाड़ी से अवैध कब्जे हटाने के लिए कई बार शिकायतें कीं, लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। जिला प्रशासन और नगर निगम की लापरवाही से पहाड़ी पर 100 से अधिक कब्जे हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी पहाड़ी पर मकान नहीं बनाए जाएँगे। जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी हाईकोर्ट के निर्देश का भी पालन नहीं कर रहे हैं।


भू-माफिया बेच रहे प्लाॅट

जानकारों का कहना है कि भू-माफिया शंकर टोरिया पहाड़ी पर रात के समय पत्थर तोड़ते हैं। पहाड़ी तोड़ने के बाद जेसीबी मशीन के जरिए जमीन को समतल करते हैं। इसके बाद प्लाॅट का विक्रय किया जाता है। कुछ भू-माफिया यहाँ पर मकान बनाकर भी बेच रहे हैं। जानकारों का कहना है कि यह सब अधिकारियों के संरक्षण में चल रहा है।

10 हजार से ज्यादा लगाए जाने थे पौधे

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि तत्कालीन कलेक्टर गुलशन बामरा के कार्यकाल में शंकर टोरिया पहाड़ी को संरक्षित करने की योजना तैयार की गई थी। पहाड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना था। यहाँ पर 10 हजार से अधिक पौधे लगाए जाने थे, ताकि क्षेत्रीय नागरिकों को एक पर्यटन स्थल मिल सके। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली थी, लेकिन यह योजना कागजों में दफन हो गई। इसके बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर देखना ही बंद कर दिया।

पहाड़ी से आता था तालाब में पानी

शंकर टोरिया पहाड़ी का बारिश का पानी मानेगाँव तालाब में आता था। इससे तालाब में साल भर पानी भरा रहता था। शंकर टोरिया में अवैध कब्जे होने के बाद पहाड़ी का पानी तालाब में आना बंद हो गया। इससे अब तालाब गर्मियों के समय सूखने लगा है। नागरिकों का कहना है कि शंकर टोरिया से अवैध कब्जे हटने से तालाब को भी नया जीवन मिल सकेगा। इसको देखते हुए शंकर टोरिया से जल्द ही अवैध कब्जे हटाए जाएँ।

लाला लाजपत राय वार्ड स्थित शंकर टोरिया पहाड़ी का निरीक्षण कराया जाएगा। यदि यहाँ पर अवैध कब्जे पाए जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।

-सागर बोरकर, अतिक्रमण अधिकारी, नगर निगम

Created On :   10 May 2023 9:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story