जबलपुर: समय से पहले ही उधड़ने लगीं सड़कें, जगह जगह हुए गड्ढे, हादसों का बढ़ गया खतरा

समय से पहले ही उधड़ने लगीं सड़कें, जगह जगह हुए गड्ढे, हादसों का बढ़ गया खतरा
  • शिकायत के बाद भी नहीं भरे जा रहे गड्ढे, जिम्मेदार अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
  • नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी गड्ढे को नहीं भर रहे हैं।
  • अब हालत यह है कि गड्ढे की वजह से दुर्घटनाएँ हो रही हैं

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। यहाँ पर हादसे होने का खतरा बढ़ गया है। इसके बाद भी गड्ढों को नहीं भरवाया जा रहा है।

नागरिक लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी गड्ढों को नहीं भरवा रहे हैं। इसका खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।

तीसरे पुल से एम्पायर टॉकीज की ओर जाने वाली सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा हो गया है। गड्ढे में फँसकर कई वाहन चालक घायल हो चुके हैं। गड्ढे को भरने के लिए क्षेत्रीय नागरिक कई बार कैंट बोर्ड के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं।

इसके बाद भी गड्ढे को नहीं भरा जा रहा है। सदर निवासी राकेश गुप्ता का कहना है कि कैंट बोर्ड के अधिकारियों को अब जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। यही स्थिति घमापुर चौक की है।

यहाँ पर पेयजल लाइन के सुधार के लिए सड़क को खोदा गया था। इसके बाद उस जगह पर मिट्टी भर दी गई। भारी वाहनों के वजन से मिट्टी दब गई है, वहाँ पर बड़ा गड्ढा हो गया है। इसके बाद भी नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी गड्ढे को नहीं भर रहे हैं। गड्ढे की वजह से आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं।

छोटा सा गड्ढा लापरवाही से हो गया बड़ा

घंटाघर से तैयब अली चौक की तरफ जाने वाली सड़क के बीच में एक महीने पहले छोटा सा गड्ढा हुआ था। क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर निगम से गड्ढे को भरने की माँग की थी, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।

धीरे-धीरे गड्ढा बड़ा हो गया है। गड्ढे के बीच में एक ईंट रख दी गई है। अब हालत यह है कि गड्ढे की वजह से दुर्घटनाएँ हो रही हैं, इसके बाद भी गड्ढे को नहीं भरा जा रहा है।

शहर की सड़कों का निरीक्षण कराया जाएगा। नगर निगम के संभागीय अधिकारियों को सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए निर्देश दिए जाएँगे।

-अजय शर्मा, अधीक्षण यंत्री

Created On :   19 Feb 2024 8:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story