जबलपुर: रांझी तहसील के 6 गायब कर्मचारियों का कटेगा वेतन

रांझी तहसील के 6 गायब कर्मचारियों का कटेगा वेतन
  • कलेक्टर का निरीक्षण: रीडर का एक इंक्रीमेंट रोकने नोटिस
  • तहसीलदार से कहा- रोज समय पर आओ
  • तहसील स्तरीय समस्याओं को सुना व उनके निराकरण के निर्देश दिए।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रांझी तहसील कार्यालय में गुरुवार की सुबह अचानक ही कलेक्टर ने औचक निरीक्षण किया, तो यहाँ के अधिकांश कर्मचारी गायब रहे। कुछ आए जरूर थे लेकिन वे भी इधर-उधर गप्पबाजी में मशगूल थे।

जैसे ही उनकी नजर कलेक्टर पर पड़ी तो सभी हैरान रह गए और आनन-फानन में अपनी सीटों की तरफ भागे। कलेक्टर ने हर विभाग का निरीक्षण किया और ड्यूटी रजिस्टर देखा।

ऑफिस के निर्धारित टाइम के करीब एक घंटे बाद भी 6 कर्मचारी नहीं आए थे, जिनके आधे दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। रीडर की भी एक वेतन वृद्धि रोकने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर दीपक सक्सेना ने सुबह रांझी तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति का अवलोकन किया, साथ ही तहसील स्तरीय समस्याओं को सुना व उनके निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान समय पर कार्यालय नहीं पहुँचने पर 6 कर्मचारियों के आधा दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने दायरा रजिस्टर और प्रकरणों का रखरखाव ठीक से नहीं करने पर प्रवाचक राजेन्द्र श्रीवास्तव को एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के लिए कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए, साथ ही तहसीलदार राजीव मिश्रा को तहसील कार्यालय की व्यवस्थाओं को सुधारने और प्रतिदिन सुबह नियत समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर शासकीय कार्यों की नियमितता सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर श्री सक्सेना ने इस दौरान निर्माणाधीन तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि कार्यालय के जो भी कार्य बचे हों उन्हें समय सीमा में पूरा कराया जाए ताकि सुविधाजनक कार्यालय में बैठकर कार्य किया जा सके।

Created On :   3 May 2024 9:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story