जबलपुर: सिविल लाइन्स चौक से कैरव्ज तक के हाल तक खतरा, अधिकारियों को नहीं है परवाह

सिविल लाइन्स चौक से कैरव्ज तक के हाल तक खतरा, अधिकारियों को नहीं है परवाह
  • कहीं लैम्प पोस्ट का आधा हिस्सा चोरी, तो कहीं खुले हैं बिजली के तार
  • ज्यादातर लैम्प पोस्ट से बल्ब या तो गायब हो गए या फिर फ्यूज हो चुके हैं।
  • स्मार्ट सिटी के अधिकारी लैम्प पोस्ट को चालू करने हेतु प्रयास नहीं कर रहे हैं।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सिविल लाइन्स चौक से कैरव्ज तक स्मार्ट सिटी ने लाखों रुपए खर्च कर लैम्प पोस्ट लगाए थे, अब हालत यह है कि कहीं आधा लैम्प पोस्ट चोरी हो गया है, तो कहीं लैम्प पोस्ट से निकले बिजली के तार आम नागरिकों के लिए खतरे का सबब बने हुए हैं।

ज्यादातर लैम्प पोस्ट से बल्ब या तो गायब हो गए या फिर फ्यूज हो चुके हैं। इसके बाद भी स्मार्ट सिटी के अधिकारी लैम्प पोस्ट को चालू करने हेतु प्रयास नहीं कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार साल पहले स्मार्ट सिटी ने सिविल लाइन्स चौक, सर्किट हाउस नंबर-2, प्लेटफाॅर्म नंबर-1 के सामने से होते हुए कैरव्ज तक लैम्प पोस्ट लगाए थे। इससे पूरा क्षेत्र सुंदर नजर आने लगा था। इसका उद्देश्य बाहर से आने वाले वीआईपी और नागरिकों के बीच शहर की छवि को बेहतर बनाना था।

कुछ दिन तो लैम्प पोस्ट की रोशनी में सड़क जगमग होती रही। धीरे-धीरे लैम्प पोस्ट का मेन्टेनेन्स बंद कर दिया गया। अब हालत यह है कि कई लैम्प पोस्ट का आधा हिस्सा चोरी हो गया है। लैम्प पोस्ट के बिजली के तार बिखरे हुए हैं।

कई लैम्प पोस्ट के बल्ब तक चोरी हो गए हैं। इससे क्षेत्र बदसूरत नजर आने लगा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस सड़क से दिन भर वीआईपी और अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है।

सड़क पर छाया अंधकार

लैम्प पोस्ट बंद होने के कारण इतनी महत्वपूर्ण सड़क पर अंधेरा छाया हुआ है। अंधेरे के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं। यहाँ रहने वाले नागरिक कई बार स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी स्मार्ट सिटी के अधिकारी लैम्प पोस्ट में सुधार कार्य नहीं करा रहे हैं।

अधिकारी नहीं करते मॉनिटरिंग

स्मार्ट सिटी के अधिकारी किसी भी प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग नहीं करते। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद उसकी तरफ ध्यान भी नहीं देते। समय-समय पर अधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन अधिकारी मौके पर पहुँचते ही नहीं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि स्मार्ट सिटी को जल्द ही लैम्प पोस्ट के सुधार का काम कराना चाहिए।

सिविल लाइन्स से कैरव्ज तक लगाए गए लैम्प पोस्ट का जल्द ही निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण के बाद सुधार कार्य कराया जाएगा।

- रवि राव, प्रशासनिक अधिकारी, स्मार्ट सिटी

Created On :   29 Feb 2024 1:05 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story