जगह-जगह हुआ स्वागत, भँवरताल में वन मंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि

जगह-जगह हुआ स्वागत, भँवरताल में वन मंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि
वीरांगना की गौरव यात्रा पर बरसे पुष्प

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

गोंडवाना साम्राज्य की महारानी वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य और स्वाभिमान की गाथाओं को जन-जन तक पहुँचाने राज्य शासन द्वारा रानी के बलिदान दिवस पर 5 स्थानों से निकाली जा रही गौरव यात्रा ने शुक्रवार की दोपहर शहर में प्रवेश किया। यात्रा का जोरदार स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की गई। भँवरताल उद्यान में वन मंत्री ने वीरांगना की प्रतिमा के समक्ष माथा टेका और श्रद्धासुमन अर्पित किए। सिंग्रामपुर से वन मंत्री कुंवर विजय शाह के नेतृत्व में प्रारंभ हुई यात्रा ने गुरुवार को कटाव धाम से जिले में प्रवेश किया। यात्रा दूसरे दिन मझौली के समीप ग्राम चौपड़ स्थित आराध्य बड़ा देव की पूजा अर्चना से शुरू हुई और सिहोरा, गांधीग्राम, पनागर होते हुए अधारताल पहुँची। अधारताल में समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें डॉ. जितेन्द्र जामदार, विधायक अशोक रोहाणी एवं सुशील कुमार तिवारी इंदु व ननि अध्यक्ष रिकुंज विज मौजूद थे।

इतिहासकारों ने न्याय नहीं किया

भँवरताल उद्यान में पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद वन मंत्री और यात्रा प्रभारी कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुगल आक्रांताओं और अंग्रेजों से देश को आजाद कराने में रानी दुर्गावती, राजा शंकरशाह-कुंवर रघुनाथ शाह, टंट्या भील, बिरसा मुंडा जैसे अनेक जनजातीय नायकों ने प्राणों का बलिदान दे दिया, लेकिन इतिहासकारों ने इनके साथ न्याय नहीं किया। भाजपा के नगर अध्यक्ष प्रभात साहू ने भी संबोधन दिया।

Created On :   24 Jun 2023 11:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story