Jabalpur News: गड्ढों में तब्दील हो गईं शहर की सड़कें नवरात्र पर श्रद्धालु कैसे करेंगे देवी दर्शन

गड्ढों में तब्दील हो गईं शहर की सड़कें नवरात्र पर श्रद्धालु कैसे करेंगे देवी दर्शन
  • त्योहार शुरू होने में एक सप्ताह का समय शेष
  • अभी तक शुरू नहीं हुआ गड्ढे भरने का काम
  • हैरान करने वाली बात यह है कि नगर निगम के अधिकारियों को कोई परवाह नहीं है।

Jabalpur News: नवरात्र पर्व शुरू होने में अब एक सप्ताह का समय शेष रह गया है। हालत यह है कि शहर की ज्यादातर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, लेकिन नगर निगम ने अभी तक गड्ढों को भरने और सड़कों को मोटरेबल करने का काम शुरू नहीं किया है। ऐसे में नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं को गड्ढों से भरी सड़क से देवी दर्शन के लिए निकलना पड़ेगा। हैरान करने वाली बात यह है कि नगर निगम के अधिकारियों को कोई परवाह नहीं है।

गणेश उत्सव में भी परेशान हुए श्रद्धालु

गणेश उत्सव के दौरान भी नगर निगम ने सड़कों के गड्ढों नहीं भरे। इससे भगवान श्री गणेश के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई श्रद्धालु दुर्घटना का शिकार भी हुए। नगर निगम के अधिकारी बहाना बनाते रहे जल्द गड्ढे भरे जाएंगे, लेकिन सड़कों का सुधार नहीं किया गया।

मालगोदाम चौक में 100 से ज्यादा गड्ढे | मालगोदाम चौक पर तीन महीने पहले ही सड़क का निर्माण किया गया था। यहां पर सड़क पर 100 से ज्यादा गड्ढे हो गए हैं। सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। नवरात्र पर इस सड़क से श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए निकलेंगे। गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

लार्डगंज तक सड़क खराब

सबसे ज्यादा भीड़ सुपर मार्केट से लार्डगंज तक होती है। यहां पर तीन महीने पहले सड़क का निर्माण किया गया था। तीन महीने में ही पूरी सड़क छलनी हो गई है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है।

सड़क सुधार के लिए राज्य सरकार से मिले स्पेशल पैकेज

नगर निगम की आर्थिक हालत बेहद खराब है। पीडब्ल्यूडी के 250 ठेकेदारों का 65 करोड़ से अधिक का भुगतान बकाया है। इसके कारण ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं। इसके कारण सड़कों के सुधार का काम नहीं हो पा रहा है। प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि राज्य सरकार को नवरात्र के पहले सड़कों के सुधार के लिए नगर निगम को स्पेशल पैकेज देना चाहिए, ताकि शहर के नागरिकों को सड़क के गड्ढों से राहत मिल सके।

बारिश के कारण शहर की कई सड़कें खराब हुई हैं। नवरात्र के पहले सड़कों के सुधार की योजना तैयार कर ली गई है, जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।

कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री

शास्त्री ब्रिज पर भी गड्ढे

नगर निगम की लापरवाही से शास्त्री ब्रिज पर भी गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। सड़क खराब होने से ढलान पर वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ रहा है। गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। क्षेत्रीय नागरिक नगर निगम से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुधार कार्य नहीं हो रहा है।

बारिश में बह गई भैंसासुर रोड

शहर और सदर को जोड़ने वाली भैंसासुर रोड बारिश में बह गई है। यहां से शहर के लोग देवी दर्शन के लिए सदर जाते हैं। इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यहां पर हाल ही में सड़क का निर्माण किया गया था। गारंटी पीरियड़ की इस सड़क का सुधार कार्य नहीं किया जा रहा है।

इधर.. प्रमुख सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी

नवरात्र के पूर्व शहर की सभी प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त बना दिया जाएगा। इसके साथ ही नवरात्र के पूर्व सभी 79 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह निर्देश सोमवार को आयोजित बैठक में स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी और विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने सोमवार को स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी और विद्युत विभाग की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि नवरात्र पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होना चाहिए। नवरात्र के पूर्व शहर की सभी सड़कों का पेंचवर्क कराकर गड्ढे भरे जाएं। पीडब्ल्यूडी के कामों में हीलाहवाली करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सड़कों और चौराहों पर सफेद पेंट के पट्टे डालने और कैट-आई लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में निगमाध्यक्ष रिकुंज विज और एमआईसी सदस्य विवेकराम सोनकर मौजूद थे।

Created On :   16 Sept 2025 5:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story