Jabalpur News: सरोवरों को सुंदर बनाने का दावा कर रहे और खुद तालाब किनारे कर रहे कचरे की डम्पिंग

सरोवरों को सुंदर बनाने का दावा कर रहे और खुद तालाब किनारे कर रहे कचरे की डम्पिंग
नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल: अधारताल में दुर्गन्ध से लोग परेशान, कहा - तुरंत बंद हो कचरे की डम्पिंग

Jabalpur News: संस्कारधानी को प्रकृति और पूर्वजों से सौगात में मिले तालाबों को सुरक्षित और संरक्षित करने की बातें की जा रही हैं। नगर निगम इनके सौंदर्यीकरण के दावे भी कर रहा है, लेकिन लोग यह देखकर हैरान भी हो रहे हैं कि अधारताल तालाब के किनारे नगर निगम की टीम ही शहर से

निकले कचरे को डंप कर रही है। हालात ये हैं कि यहां सुबह सैर-सपाटे के लिए आने वाले लोगों को ऑक्सीजन की जगह दुर्गन्ध नसीब हो रही है। इस समस्या के चलते कई लोगों ने मॉर्निंग वॉक के लिए आना तक बंद कर दिया है। समस्या पर लोगों में आक्रोश भी है, उनका कहना है कि यहां कचर की डम्पिंग को तत्काल रोका जाना चाहिए। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि अधारताल तालाब 45 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां पर रोजाना सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग घूमने के लिए आते है।

लंबी लड़ाई के बाद नगर निगम ने अधारताल तालाब के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। तालाब को विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं कुछ दिनों से नगर निगम ने तालाब के किनारे कचरा डम्प करने का काम शुरू कर दिया है। इससे तालाब के किनारे दुर्गन्ध और बदबू फैल रही है। लोगों का तालाब के किनारे घूमना-फिरना मुश्किल हो रहा है।

तालाब के किनारे खुली जगह पर बने ओपन जिम

नगर निगम तालाब के किनारे गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन बनाने की योजना बना रहा है। तालाब के किनारे खुली जगह पर ओपन जिम या फिर योगा सेंटर बनाया जाना चाहिए, ताकि लोग यहां पर आकर व्यायाम और योगा कर सकें। अधिकारियों को जल्द ही इस प्रस्ताव पर विचार करना चाहिए।

किसी सूरत में ये बर्दाश्त नहीं

जय हो अधारताल विकास समिति के देवेन्द्र जायसवाल, अमित विश्वकर्मा, नरेन्द्र श्रीवास, एसके विश्वकर्मा और महेन्द्र सेन का कहना है कि नगर निगम द्वारा लंबे समय से तालाब के किनारे कचरे की डम्पिंग की जा रही है। क्षेत्रीय नागरिक जब विरोध करते हैं तो कुछ दिन के लिए कचरे की डम्पिंग बंद कर दी जाती है, उसके बाद फिर से कचरे की डम्पिंग शुरू कर दी जाती है। समिति का कहना है कि किसी भी हालत में तालाब के किनारे कचरे की डम्पिंग नहीं होने दी जाएगी। नगर निगम ने यदि स्थाई रूप से कचरे की डम्पिंग बंद नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा।

डस्टबिन में लगा कचरे का अंबार

समिति का कहना है कि नगर निगम द्वारा तालाब के किनारे डस्टबिन से भी कचरा नहीं उठाया जा रहा। तालाब के किनारे रखे गए डस्टबिन भर चुके हैं। इसके बाद भी नगर निगम की टीम यहां से कचरा नहीं उठा रही है। इसके कारण भी तालाब के किनारे दुर्गन्ध फैल रही है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने अधारताल तालाब के किनारे कचरा डम्पिंग का विरोध किया था। इसके बाद से यहां पर कचरा डम्पिंग का काम बंद कर दिया गया है।

- अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी

Created On :   4 Nov 2025 1:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story