Jabalpur News: 260 करोड़ से बनेगा बंदरिया तिराहा फ्लाई ओवर, राज्य सरकार को देना होगा मुआवजा

260 करोड़ से बनेगा बंदरिया तिराहा फ्लाई ओवर, राज्य सरकार को देना होगा मुआवजा
राज्य सरकार स्वीकृति दे तो जल्द प्रोसेस, हवाबाग काॅलेज की ओर साईं मंदिर तक 3 किमी के दायरे में बनेगा

Jabalpur News: जिस तरह केन्द्रीय फण्ड से दमोहनाका-मदन महल फ्लाईओवर निर्मित किया गया, इसी फण्ड से हवाबाग काॅलेज से बंदरिया तिरहा और ग्वारीघाट रोड पर साईं मंदिर तक 3 किलोमीटर का फ्लाईओवर प्रस्तावित है। इस फ्लाईओवर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर लोक निर्माण मंत्रालय भोपाल भेजी गई है। मंत्रालय से इस प्रोजेक्ट के मुआवजे के लिए खर्च होने वाली राशि के लिए प्रशासकीय स्वीकृति भी मांगी गई है। बता दें कि केन्द्रीय फण्ड में संरचना निर्माण के लिए तो फण्ड मिलता है, लेकिन किसी भी तरह से भूमि और अन्य तरह के खर्च के लिए बजट राज्य सरकार को ही देना होगा।

इस फ्लाईओवर के लिए 260 करोड़ का प्लान बनाकर भेजा गया है, जिसका बजट केन्द्र सरकार देगी। अधिकारियों के अनुसार राज्य सरकार की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर पूरा प्रोजेक्ट मंत्रालय से ही दिल्ली तक भेजा जाएगा। दिल्ली में प्रपोजल को स्वीकार किए जाने के बाद इसके निर्माण का पूरा रास्ता साफ हो जाएगा। इसको लेकर ईई सेतु जीसी पटले से संपर्क करने का प्रयास किया गया पर बात संभव नहीं हो सकी।

सीआईआरएफ फण्ड क्या होता है

केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ), जिसे पहले सीआरएफ के नाम से जाना जाता था। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तत्वावधान में केंद्रीय सड़क निधि अधिनियम 2000 के तहत बनाई गई एक गैर-व्यपगत निधि है। इसी निधि से दमोहनाका-मदन महल फ्लाईओवर के लिए 1100 करोड़ फण्ड मिला। अब बंदरिया तिराहा फ्लाईओवर के लिए मिलेगा। यह फण्ड केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल आदि की खपत पर लगाए गए उपकर, कर से तैयार होता है।

एक नजर इस पर

{ प्रस्तावित फ्लाईओवर की लंबाई 3 किलोमीटर

{ इसमें मुआवजे की संभावित राशि 25 करोड़।

{ फ्लाईओवर का निर्माण होना है 260 करोड़ से।

{ इसको लेकर आगे की प्रोसेस जल्द आरंभ होगी।

{ चौड़ी सड़क पर निर्माण इसलिए अतिक्रमण कम।

इसी हिस्से में छोटा फ्लाईओवर पहले से

हवाबाग काॅलेज से बंदरिया तिराहा मार्ग पर कटंगा के पास लोक निर्माण सेतु ने 500 मीटर का फ्लाईओवर पहले निर्मित किया है। अब आगे बनने वाला फ्लाईओवर बंदरिया तिराहे पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाएगा। नर्मदा जाने के लिए जो वीआईपी आते हैं, वे इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। बीते कुछ सालों में इस मार्ग पर ट्रैफिक वाॅल्यूम बढ़ा है, जिसके बाद इस हिस्से में एक और फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया गया है।

Created On :   4 Nov 2025 1:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story