Jabalpur News: नौकरी दिलाने के नाम पर रिटायर्ड सैनिक से साढ़े 9 लाख रुपए ठगे

नौकरी दिलाने के नाम पर रिटायर्ड सैनिक से साढ़े 9 लाख रुपए ठगे
  • रांझी थाने में दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मामला
  • आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के 3 मामले पहले से दर्ज हैं।

Jabalpur News: रांझी थाना क्षेत्र स्थित मढ़ई निवासी एक जालसाज ने सेना के रिटायर्ड जवान को नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया। आरोपी ने साढ़े 9 लाख रुपए हड़प लिए। नौकरी नहीं लगने व ठगी का शिकार हाेने की जानकारी लगने पर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के 3 मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार लालमाटी सिद्धबाबा वार्ड निवासी अशोक कुमार कुशवाहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे आर्मी ट्रेनिंग कमांड शिमला में पदस्थ थे। वहां से वे वर्ष 2019 में रिटायर हुए। वे बेटी का इलाज कराने मिलिट्री अस्पताल गए थे। जहां उनकी पहचान राजेश कुमार राजभर से हुई। राजेश ने बताया कि उसकी अफसरों से अच्छी सेटिंग है और वह उनकी नौकरी लगवा देगा।

इसके बाद उसने अशोक को फोन किया और बताया कि मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेली कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग महू में टेली कम्युनिकेशन सिविल की दो पोस्ट निकली है। अशोक ने अपनी और अपनी परिचित प्रीति की नौकरी लगवाने की बात की तो राजेश ने कहा कि 12 लाख रुपए लगेंगे। राजेश की बातों में भरोसा करके अशोक ने उसे दस लाख 26 हजार रुपए दिए। यह रकम राजेश और उसकी पत्नी ममता के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी।

पत्नी के खाते से सिर्फ 50 हजार रु. ही लौटाए

काफी समय बीतने के बाद अशोक कुमार ने रकम वापस मांगी तो आरोपी कुछ समय इंतजार करने की बात कहने लगा। इसके बाद उसने अपनी पत्नी के खाते से 50 हजार रुपए अशोक को वापस किए लेकिन 9 लाख 76 हजार रुपए नहीं लौटाए न ही नौकरी लगी। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार ठगी के मामले में पहले भी आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, उस समय उसके पास से सेना के विभिन्न कार्यालयों की सील व फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए थे।

रकम लेने के बाद फर्जी ज्वाॅइनिंग लैटर थमाया

रकम लेने के बाद अशोक ने उन्हें फर्जी ज्वाॅइनिंग लैटर थमाया। पहले आरोपी राजेश ने दोनों को हेड क्वार्टर सेन्ट्रल कमांड लखनऊ स्थित टेली कम्युनिकेशन मैकेनिक जाने और ज्वाॅइन करने का झांसा दिया। दोनों ने टिकट करा ली तो राजेश ने थोड़ा रुकने के लिए कहा और बाद में दोनों की ज्वाॅइनिंग मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेली कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग महू में होने की बात कही। वे महू जाने लगे तो आरोपी ने उन्हें रोक दिया।

Created On :   16 Sept 2025 6:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story