संदिग्ध मामला: पुलिस लॉकअप में आरोपी की मौत से हड़कंप, कोठरी में बंद आरोपी ने लगाया फंदा!, उठे सवाल

पुलिस लॉकअप में आरोपी की मौत से हड़कंप, कोठरी में बंद आरोपी ने लगाया फंदा!, उठे सवाल
  • सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग
  • फांसी लगाने की प्रारंभिक जानकारी पुलिस की निगरानी पर उठा सवाल

डिजिटल डेस्क, लातूर. जिले के किनगाव पुलिस थाने में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पूछताछ के लिए पुलिस थाने लाए गए आरोपी अमित चव्हाण ने सोमवार सुबह कथित तौर पर थाने के भीतर ही फांसी लगा ली। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन आक्रामक हो गए और उन्होंने पुलिस प्रशासन के सामने नाराजगी जताई। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे भी घटनास्थल पर पहुंचे।

लातूर जिले के किनगाव पुलिस थाने में पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी अमित रमेश चव्हाण, शिवमराणी तांडा के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस लॉकअप में फांसी लगाकर आत्महत्या की। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हुई है। इस घटना ने पुलिस हिरासत में बंद आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की निगरानी में रहने के बावजूद आरोपी को फांसी लगाने का मौका कैसे मिला लॉकअप में उसकी निगरानी कौन कर रहा था? सीसीटीवी कैमरे चालू थे या नहीं क्या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने निर्धारित समय पर आरोपी की जांच की थी? इन सवालों के जवाब सामने आना जरूरी है।

लॉकअप की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान

पुलिस हिरासत में रखे गए प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होती है। ऐसे में थाने की कोठरी के भीतर आरोपी की मौत होना गंभीर मामला है। लॉकअप में CCTV कैमरे लगातार चालू रहने, नियमित निगरानी और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। इस मामले में घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी या नहीं।

एसपी अमोल तांबे सभी थानों की करे सुरक्षा जांच

किनगाव की घटना के बाद लातूर जिले के सभी पुलिस थानों की लॉकअप सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग उठ रही है। पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, हिरासत में बंद आरोपियों की निगरानी, कर्मचारियों की ड्यूटी और सुरक्षा प्रोटोकॉल का निरीक्षण करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

निष्पक्ष जांच हो, जिम्मेदारी भी तय हो

घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाना जरूरी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएं तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिस लॉकअप में ही आरोपी सुरक्षित नहीं है, तो सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है। ऐसे सवाल उठाने लगे है।

Created On :  

Tags

Next Story