राज्य में छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट विकसित करें- राज्यपाल

राज्य में छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट विकसित करें- राज्यपाल
  • मुंबई से दुर्गराज रायगड जाएगा रथ
  • बैस ने शिवराज्याभिषेक समारोह के लिए रवाना किया जल कलश रथ
  • राज्यपाल ने कहा - छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट विकसित करें

डिजिटल डेस्क, वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि प्रदेश में छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक शिवाजी महाराज महाराष्ट्र की अस्मिता के प्रतीक हैं। प्रदेश की पहचान और अस्तित्व शिवाजी महाराज के कारण है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार 350 वें शिवराज्याभिषेक समारोह के उपलक्ष्य में शिवाजी महाराज सर्किट तैयार करने की योजना बनाए। इसके साथ ही राज्य के किलों के संवर्धन के लिए अभियान शुरु करें।

मुंबई से दुर्गराज रायगड जाएगा रथ

शुक्रवार को राजभवन में राज्यपाल ने शिवाजी महाराज के 350 वें शिवराज्याभिषेक समारोह के उपलक्ष्य में सहस्त्र जलकलश लेकर जाने वाले रथ को हरी झंडी दिखाई। यह रथ मुंबई से दुर्गराज रायगड जाएगा। रायगड में 2 जून को आयोजित होने वाले शिवराज्याभिषेक समारोह के लिए देशभर के नदियों का पवित्र जल का इस्तेमाल किया जाएगा। राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, सांस्कृतिक कार्य विभाग के प्रधान सचिव विकास खारगे, रायगड स्मारक मंडल के कार्यवाहक सुधीर थोरात और श्री शिवराज्याभिषेक उत्सव सेवा समिति के सुनील पवार उपस्थित थे। राज्यपाल ने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन कार्य प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणादायी है। इस मौके पर देश की विभिन्न नदियों और सरोवर से जुटाए गए जल का पूजन राज्यपाल के हाथों किया गया।

Created On :   27 May 2023 10:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story