निर्देश: फडणवीस ने कहा - मराठी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाए

फडणवीस ने कहा - मराठी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाए
  • मराठी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी कार्ययोजना
  • समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए

Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राज्य मराठी विकास संस्था के कार्यों में निरंतरता, पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए वर्षभर की सभी वैधानिक बैठकों का कार्यक्रम पहले से तय करने पर भी जोर दिया। सह्याद्री अतिथि गृह में मुख्यमंत्री फडणवीस की अध्यक्षता में राज्य मराठी विकास संस्था के नियामक मंडल की बैठक आयोजित की गई। फडणवीस ने संस्था द्वारा सभी वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा करने पर उसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों का प्रशासनिक और संवैधानिक लंबित कार्य पूरा होने से संस्था की कार्यप्रणाली अधिक मजबूत हुई है। अब प्राथमिकता मराठी भाषा के प्रचार, अनुसंधान, संरक्षण और विकास के लिए ठोस नीतियों को लागू करने की होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि संस्था के कर्मचारियों से जुड़े लंबित मुद्दों का सकारात्मक समाधान किया जाएगा।

बैठक में सदस्यों ने मराठी भाषा और उसकी विभिन्न बोलियों के संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें पुस्तकों का गांव और पेटी वाचनालय जैसी योजनाओं का विस्तार कर आदिवासी एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के मराठी विद्यालयों तक गुणवत्तापूर्ण साहित्य पहुंचाने का प्रस्ताव शामिल था। इसके अलावा झाडीबोली तथा पूर्व विदर्भ की नाट्य परंपरा के संरक्षण के लिए गढ़चिरौली-वडसा क्षेत्र में नाट्य संकुल स्थापित करने, भारुड, गोंधळ और पोवाडा जैसी लोक कलाओं के माध्यम से मराठी संस्कृति को बढ़ावा देने तथा बाल साहित्य और बाल पुस्तकालयों को प्रोत्साहित करने की भी सिफारिश की गई। मुख्यमंत्री ने इन सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया। बैठक में तंजावुर में मोडी लिपि में उपलब्ध लगभग 15 लाख ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटलीकरण परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही लंदन में छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर स्थापित किए जाने वाले वैश्विक मराठी केंद्र के कार्यों में तेजी लाने पर चर्चा हुई।

Created On :   20 July 2026 10:13 PM IST

Tags

Next Story