मुंबई लोकल सुरक्षा !: डॉकयार्ड रोड स्टेशन पर ज़िलाधिकारी कार्यालय में तैनात राजस्व अधिकारी से दिनदहाड़े मारपीट और लूटपाट

डॉकयार्ड रोड स्टेशन पर ज़िलाधिकारी कार्यालय में तैनात राजस्व अधिकारी से दिनदहाड़े मारपीट और लूटपाट
  • वडाला जीआरपी आरोपियों की तलाश में जुटी
  • चलती लोकल में नकदी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड सहित पहचान पत्र छीनकर आरोपी फरार
  • मुंबई लोकल में फिर सुरक्षा पर गंभीर सवाल

Mumbai News. मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कॉटन ग्रीन से मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय जा रहे एक सरकारी अधिकारी के साथ डॉकयार्ड रोड स्टेशन पर दिनदहाड़े हाथापाई कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने अधिकारी से नकद रुपये और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज छीन लिए और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर वडाला रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काम खत्म कर लौट रहे थे सीएसएमटी कार्यालय

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान मेघराज सुभाष परदेशी (28) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ठाणे पूर्व के कोपरी स्थित रचना नीरज सोसाइटी में रहते हैं। धुले के रहने वाले मेघराज मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय में ग्राम राजस्व अधिकारी के पद पर तैनात हैं। 16 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे मेघराज कॉटन ग्रीन स्थित कार्यालय का आधिकारिक काम निपटाकर वापस सीएसएमटी स्थिति मुख्य कार्यालय में अपनी रिपोर्ट सौंपने जा रहे थे। इसके लिए वे कॉटन ग्रीन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंचे और दोपहर 2:10 बजे आई अप सीएसएमटी लोकल ट्रेन के मोटरमैन की ओर से दूसरे जनरल डिब्बे में सवार हुए।

ट्रेन में जेब काटी, प्लेटफॉर्म पर की मारपीट

दोपहर लगभग 2:20 बजे जब लोकल ट्रेन डॉकयार्ड रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर रुकी, तब दो संदिग्ध व्यक्ति डिब्बे में चढ़े। ट्रेन के धीमी गति से रवाना होते ही उनमें से एक आरोपी ने मेघराज के शर्ट की जेब से जबरन पैसे और दस्तावेज निकाल लिए। बदमाशों को भागता देख मेघराज भी तुरंत चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर उतर गए और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने अधिकारी को डराते-धमकाते हुए उनके साथ हाथापाई और मारपीट की तथा जबरन सामान छीनकर भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकले। पीड़ित के बयान के आधार पर वडाला रेलवे पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि डॉकयार्ड रोड और आसपास के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Created On :   20 July 2026 9:45 PM IST

Tags

Next Story