फडणवीस के सामने शर्त: शरद पवार की पार्टी को गठबंधन में आना है तो महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार का नेतृत्व स्वीकार करना पड़ेगा

शरद पवार की पार्टी को गठबंधन में आना है तो महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार का नेतृत्व स्वीकार करना पड़ेगा
  • पार्थ पवार ने मुख्यमंत्री फडणवीस के सामने रखी शर्त
  • मुख्यमंत्री फडणवीस के सामने रखी बात

Mumbai News. प्रदेश की राजनीति में राकांपा (शरद) के अजित गुट में शामिल होने या फिर महायुति को गठबंधन देने को लेकर चल रही अटकलों के बीच राकांपा (अजित) के नेता एवं सांसद पार्थ पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष एक शर्त रखी है। तीन दिन पहले मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात में पार्थ ने स्पष्ट कहा कि यदि शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरद) भविष्य में अजित गुट के साथ गठबंधन करना चाहती है, तो उसे महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के नेतृत्व को स्वीकार करना होगा। पार्थ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्य में दोनों राकांपा के बीच भविष्य में राजनीतिक समीकरण बनने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आ रही हैं। उनके इस बयान को दोनों गुटों के बीच नेतृत्व और संगठनात्मक वर्चस्व को लेकर स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

नेतृत्व पर कोई समझौता नहीं

पार्थ पवार ने मुख्यमंत्री फडणवीस से कहा कि महाराष्ट्र में राकांपा (अजित) का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी ने अपने नेतृत्व को स्पष्ट रूप से स्थापित किया है। ऐसे में यदि भविष्य में कोई राजनीतिक गठबंधन होता है, तो नेतृत्व के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि शरद गुट को गठबंधन की स्थिति में महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के नेतृत्व को स्वीकार करना पड़ेगा। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी अपने संगठनात्मक ढांचे और नेतृत्व को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति नहीं चाहती।

मुख्यमंत्री फडणवीस के सामने रखी बात

पार्थ पवार ने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी यह राजनीतिक सोच और पार्टी का रुख मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष भी रखा है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री की ओर से क्या प्रतिक्रिया दी गई। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। माना जा रहा है कि पार्थ का यह बयान केवल विपक्ष को संदेश देने के लिए नहीं, बल्कि महायुति के भीतर भी राकांपा (अजित) की राजनीतिक स्थिति और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

सुनेत्रा पवार की बढ़ती राजनीतिक भूमिका

सुनेत्रा पवार पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र की राजनीति में लगातार सक्रिय रही हैं। उन पर अजित गुट की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी है। विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद भी वह लगातार संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में सक्रिय दिखाई दे रही हैं। बीते कुछ महीनों में दोनों गुटों के संभावित राजनीतिक समीकरणों और भविष्य में साथ आने की संभावनाओं को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से इस संबंध में अलग-अलग समय पर अलग-अलग बयान सामने आए हैं।

Created On :   19 July 2026 9:28 PM IST

Tags

Next Story