एक्शन मोड में सरकार: वर्धा अत्याचार मामले के लिए विशेष सरकारी वकील की होगी नियुक्ति, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मुकदमा

वर्धा अत्याचार मामले के लिए विशेष सरकारी वकील की होगी नियुक्ति, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मुकदमा
  • गृह राज्यमंत्री भोयर की मांग पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
  • फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मुकदमा

Mumbai News. वर्धा जिले के रोठा गांव में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या के मामले में महाराष्ट्र सरकार एक्शन मोड में आ गई है। गृह राज्यमंत्री पंकज भोयर द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे गए पत्र के बाद सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने और मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 15 जुलाई को हुई इस जघन्य घटना के आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मामले की प्रभावी पैरवी के लिए विशेष सरकारी अभियोक्ता नियुक्त किया जाएगा। साथ ही मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। गृह राज्यमंत्री भोयर ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा था कि इस घटना से पूरे राज्य में आक्रोश है और आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार को विशेष पहल करनी चाहिए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सरकार के इस फैसले को पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों में राज्य सरकार किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Created On :   20 July 2026 10:09 PM IST

Tags

Next Story