Mumbai News: गृह मंत्री शाह से मिले उपमुख्यमंत्री शिंदे, कहा- मुख्यमंत्री फडणवीस से कोई मतभेद नहीं

गृह मंत्री शाह से मिले उपमुख्यमंत्री शिंदे, कहा- मुख्यमंत्री फडणवीस से कोई मतभेद नहीं
  • निकाय चुनावों में भी जीतेगी महायुति
  • मुख्यमंत्री फडणवीस से कोई मतभेद नहीं

Mumbai News. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री व शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान शिवसेना के सांसद भी मौजूद रहे। शाह से मिलने के बाद शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के साथ उनका कोई मतभेद नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री पद पर सेवा देने के लिए अमित शाह को शुभकामनाएं दी। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच आगे होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव और महाराष्ट्र में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर चर्चा हुई है। इस मुलाकात के बाद शिंदे ने कहा कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में एनडीए उम्मीदवार को शिवसेना पूरा समर्थन देगी। माधुरी हाथी मामले पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल करेगी।

निकाय चुनावों में भी जीतेगी महायुति

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ उनका कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारा जनता की भलाई और राजग के विकास का एजेंडा है, जबकि महाविकास आघाड़ी का एजेंडा कुर्सी का है। महायुति जनता और राज्य के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले निकाय चुनावों में महायुति मिलकर चुनाव लड़ेगी और लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों की तरह स्थानीय निकाय चुनावों में भी अपने काम के बल पर जीत दर्ज करेगी। संसद के मॉनसून सत्र के दौरान शिंदे दूसरी बार दिल्ली दौरे पर है। पिछले सप्ताह भी वह दिल्ली आए थे। इस बाबत उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान पार्टी सांसदों के साथ बैठक के लिए वह यहां आए थे। सियासी गलियारों में ऐसी चर्चा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिंदे के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। लिहाजा उन्हें दिल्ली का दौरा करना पड़ रहा है।

Created On :   6 Aug 2025 9:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story