- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 11 लाख डुप्लीकेट नाम को लेकर...
Mumbai News: 11 लाख डुप्लीकेट नाम को लेकर मतदाताओं में भ्रम, चुनाव आयोग भूमिका स्पष्ट करे- वर्षा गायकवाड़

- मुंबई कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयुक्त से की मुलाकात
- चुनाव आयोग भूमिका स्पष्ट करे- वर्षा गायकवाड़
Mumbai News. मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए हाल ही में जारी हुई प्रारूप मतदाता सूची पर विवाद जारी है। इस सूची में 11 लाख डुप्लीकेट मतदाता होने का दावा मुंबई कांग्रेस ने ही किया है। इस मुद्दे को लेकर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान गायकवाड़ ने कहा कि नागरिकों में भारी भ्रम निर्माण हुआ है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि वह इस बारे में अपनी भूमिका जल्द स्पष्ट करे और इस गड़बड़ी पर तत्काल रोक लगाई जाए। इस प्रतिनिधिमंडल में विधायक अमीन पटेल, ज्योति गायकवाड़, प्रवक्ता सचिन सावंत और अन्य नेता मौजूद रहे।
डुप्लीकेट नामों पर क्या कार्रवाई होगी, कुछ नहीं बताया
राज्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि जब हमने जिला अधिकारियों और उपायुक्तों से डुप्लीकेट मतदाता नामों के बारे में पूछा, तो उन्हें भी इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। डुप्लीकेट नामों की सूची सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? मतदाताओं से शपथ पत्र क्यों मंगाए जाएंगे? उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग इस पर क्या कदम उठाएगा, इस बारे में भी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। वर्षा ने कहा कि वर्तमान प्रारूप सूची में कई वार्डों से 7 हजार से 9 हजार तक मतदाता एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट हो गए हैं। धारावी, अंधेरी, कांदिवली समेत कई इलाकों में भारी गड़बड़ी सामने आई है। चुनाव आयोग और बीएमसी के बीच कोई समन्वय दिखाई नहीं देता, किसकी क्या भूमिका है, यह भी स्पष्ट नहीं है।
कांग्रेस ने बुलाई एक महत्त्वपूर्ण बैठक
मुंबई कांग्रेस ने इस मुद्दे पर एक बैठक शनिवार को बुलाई है। जिसमें चुनाव आयोग के अधिकारी, बीएमसी आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त और मुंबई कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम हटाने पर चर्चा हो सकती है।
Created On :   28 Nov 2025 9:32 PM IST












