- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- हर विधानसभा क्षेत्र में लहराएगा...
Mumbai News: हर विधानसभा क्षेत्र में लहराएगा तिरंगा, 10 अगस्त से दो चरणों में यात्रा निकालेगी भाजपा

Mumbai News प्रदेश भाजपा की तरफ से राज्य के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह तिरंगा यात्रा दो चरणों 10 से 13 अगस्त और 13 से 15 अगस्त के बीच आयोजित होगी। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हजार लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। तिरंगा यात्रा दो से तीन किमी की होगी। जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, पद्म पुरस्कारों से सम्मानित लोगों, युवा उद्यमियों, खेल जगत समेत अन्य क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा में युवाओं के माध्यम से भारत की संस्कृति का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। शनिवार को प्रदेश भाजपा के महासचिव तथा तिरंगा यात्रा के संयोजक योगेश सागर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि 10 से 13 अगस्त के बीच मुंबई समेत राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। जबकि 13 से 15 अगस्त के बीच राज्य के प्रत्येक बूथ स्तर पर पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर तिरंगा ध्वज फहराएंगे। सागर ने कहा कि राज्य में हर घर, हर दुकान और हर संस्थान में तिरंगा लहराएगा। देश के इस उत्सव में बड़ी संख्या में युवा भी शामिल होंगे। सागर ने कहा कि प्रदेश में पार्टी के 80 संगठनात्मक जिले और 1223 मंडल हैं। इन सभी जगहों पर तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए बैठक आयोजित की जा रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के नेतृत्व में इस अभियान को सफल बनाया जाएगा।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस : भाजपा विधायक सागर ने कहा कि 14 अगस्त 1947 को भारत के बंटवारे (विभाजन) के समय हुई घटनाएं में कई लोगों ने जान गंवाई थी। लेकिन राज्य सहित देश के युवा विभाजन के समय हुए अत्याचार की घटनाओं से बहुत अधिक परिचित नहीं हैं। इसलिए 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मूक मोर्चा निकालेंगे। इसके साथ ही इस विषय पर फोटो प्रदर्शनी, व्याख्यान और चर्चा सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
यह भी पढ़े -साई पल्लवी की सादगी की मुरीद हैं निहारिका एनएम, तब्बू और श्रीदेवी को भी बताया अपनी प्रेरणा
Created On :   1 Aug 2026 7:48 PM IST









