परिणाम: पीसीबी समूह की दूसरी सीईटी प्रवेश परीक्षा के नतीजे घोषित, चार विद्यार्थियों को 100 पर्सेंटाइल

पीसीबी समूह की दूसरी सीईटी प्रवेश परीक्षा के नतीजे घोषित, चार विद्यार्थियों को 100 पर्सेंटाइल
  • पालघर की जील शाह ने दूसरी परीक्षा में भी हासिल किए 100 पर्सेंटाइल
  • पीसीबी समूह की दूसरी सीईटी प्रवेश परीक्षा के नतीजे घोषित

Mumbai News. राज्य सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईटी) सेल ने फार्मेसी एवं कृषि शिक्षा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित पीसीबी समूह की दूसरे अवसर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में कुल 4 विद्यार्थियों ने 100 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं। इनमें 2 छात्र और 2 छात्राएं शामिल हैं। पहली परीक्षा में 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाली पालघर की जील शाह ने दूसरी परीक्षा में भी 100 पर्सेंटाइल हासिल किया है। इसके अलावा मुंबई के रौश्मित गुप्ता, पुणे के मोहनीश भोसले और छत्रपति संभाजी नगर के मुस्कान नाथानी भी 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाले विद्यार्थियों में शामिल हैं। कोल्हापुर के साहीम पटवेगर ने पहले अवसर में 100 तथा दूसरे अवसर में 99.99 पर्सेंटाइल प्राप्त कर ओबीसी वर्ग में सर्वोच्च पर्सेंटाइल हासिल किया। जलगांव के गिरीश मंगलसिंह गोठवाल ने पहले अवसर में 99.97 तथा दूसरे अवसर में 99.98 पर्सेंटाइल प्राप्त कर डीटी/वीजे वर्ग में सर्वोच्च पर्सेंटाइल हासिल किया।

पीसीबी समूह की दूसरे अवसर की सीईटी परीक्षा 10 एवं 11 मई को चार सत्रों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 1,16,540 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 95,631 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें 35,345 छात्र, 60,285 छात्राएं तथा 1 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे। इस परीक्षा में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही। इस परीक्षा में महाराष्ट्र के 94,983 तथा राज्य के बाहर के 648 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पहली प्रवेश परीक्षा के नतीजे 9 जून को घोषित किए गए थे जिसमें कुल 11 विद्यार्थियों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए थे। राज्य में पहली बार जेईई की तर्ज पर पीसीबी, पीसीएम समूह के अलावा एमबीए की प्रवेश परीक्षाएं दो बार आयोजित की गईं। जो विद्यार्थी दोनों परीक्षाओं में शामिल हुए हैं, उनके प्रवेश के लिए दोनों में से जिस परीक्षा में अधिक पर्सेंटाइल प्राप्त हुआ है, उसी परिणाम को मान्य माना जाएगा।

Created On :   18 Jun 2026 9:54 PM IST

Tags

Next Story