सियासी उबाल और बवाल: बागी सांसदों के खिलाफ घरों के सामने उद्धव गुट कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, नगरसेवक दीपक सांवत का पद रद्द

  • महापौर ने की घोषणा - नगरसेवक दीपक सांवत का पद रद्द
  • भाऊसाहब वाकचौरे के निवास स्थान पर कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात

Mumbai News. उत्तर पूर्व मुंबई के सांसद संजय पाटील सहित शिवसेना (उद्धव) गुट के बागी सांसदों के खिलाफ उनके घरों के सामने शिवसेना (उद्धव) कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। सांसद पाटील के भांडूप स्थित आवास के बाहर शिवसैनिकों ने विरोध स्वरुप आदित्य ठाकरे की तस्वीरों वाले होर्डिंग लगा दिए।

* शिर्डी से सांसद भाऊसाहब वाकचौरे के निवास स्थान पर कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात कर दिया गया है। उनकी सुरक्षा के लिए मोबाइल सर्विलांस वैन, सशस्त्र पुलिसकर्मियों और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की नियुक्ति की गई है। साथ ही पूरे परिसर में चौकस निगरानी रखी जा रही है। सांसद वाकचौरे पुतला दहन प्रदर्शन और नारेबाजी करने वाले शिवसेना (उद्धव) के 7 पदाधिकारी समेत अन्य 15 कार्यकर्ताओं के खिलाफ शहर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आंदोलन के दौरान समय पुणे-नाशिक महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ।

* परभणी से सांसद संजय जाधव के निवास सहित उनके कार्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। गंगाखेड में जाधव का पुतला फूंका गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि जनता के वोटों से जीतकर पार्टी के साथ विश्वासघात करने वालों को शिवसैनिक कभी माफ नहीं करेंगे।

* हिंगोली के सांसद नादेश पाटील आष्टीकर के घर के बाहर भी लोग विरोध के लिए एकत्र हुए।

शिवसेना (उद्धव) नगरसेवक दीपक सांवत का पद रद्द, महापौर ने की घोषणा

उधर भांडुप के वार्ड क्रमांक 111 ओबीसी आरक्षित वार्ड से शिवसेना (उद्धव) नगरसेवक दीपक सावंत का पद रद्द हो गया है। उनका ओबीसी जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया है। इसकी घोषणा मनपा सदन में महापौर रितु तावडे ने की। मनपा चुनाव हुए 6 महीने हुए हैं अब तक फर्जी जाति प्रमाणपत्र के मामले में जाति सत्यापन समिति ने तीन नगरसेवकों का पद रद्द किया है। इसमें दो एमआईम के नगरसेवक हैं और एक शिवसेना उद्धव गुट के हैं।

दीपक सावंत का जाति प्रमाणपत्र रत्नागिरी जिला जाति सत्यापन समिति ने अवैध घोषित कर दिया था। दीपक जिस वार्ड से चुनाव जीते हैं वहां भाजपा की सारिका पवार दूसरे स्थान पर थीं। यह मामला अब लघु वाद न्यायालय में लंबित है। यदि कोर्ट सारिका पवार के पक्ष में फैसला देता है तो बीएमसी में भाजपा नगरसेवकों की संख्या बढ़कर 90 हो जाएगी। वहीं शिवसेना (उद्धव) के नगरसेवकों की संख्या 65 से कम होकर 64 हो गई है।

Created On :   18 Jun 2026 10:27 PM IST

Tags

Next Story