रणनीति: राहुल गांधी का महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेताओं को दिल्ली पहुंचने का फरमान, ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के मुद्दे पर आंदोलन तेज करने की तैयारी

राहुल गांधी का महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेताओं को दिल्ली पहुंचने का फरमान, ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के मुद्दे पर आंदोलन तेज करने की तैयारी
  • सोमवार सुबह तक प्रदेश अध्यक्ष, सांसदों और विधायकों को बुलाया
  • मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के मुद्दे पर आंदोलन तेज करने की तैयारी
  • पहले नेताओं को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. दिल्ली में कांग्रेस के आंदोलन को धार देने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी सिरिवेल्ला प्रसाद से फोन पर बातचीत के बाद प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं, प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और सांसदों को सोमवार सुबह तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन को और तेज करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। सिरिवेल्ला प्रसाद ने 'दैनिक भास्कर' से बातचीत में राहुल गांधी के फोन और दिल्ली पहुंचने के निर्देश की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने मौजूदा आंदोलन का हवाला देते हुए प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है।

पहले नेताओं को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

सिरिवेल्ला ने बताया कि दिल्ली पहुंचने वाले महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं को राहुल गांधी पहले संबोधित करेंगे। इसके बाद आंदोलन की अगली रणनीति और आगे की गतिविधियों को लेकर निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों से भी प्रदेश कांग्रेस प्रभारियों और बड़े नेताओं को भी दिल्ली बुलाया गया है। हालांकि दिल्ली बुलाने के एजेंडे और आगे के कार्यक्रमों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। दरअसल कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के मुद्दे पर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग को लगातार घेर रही है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े गंभीर सवाल हैं।

हर्षवर्धन सपकाल से पृथ्वीराज चव्हाण तक दिल्ली में जुटे नेता

सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से लेकर वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण तक के दिल्ली पहुंचने की खबर है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायक भी सोमवार सुबह तक दिल्ली पहुंचने वाले हैं। राहुल गांधी के इस निर्देश से संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस महाराष्ट्र में चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर अब व्यापक राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति तैयार करना चाहती है। सोमवार को होने वाली बैठक के बाद आंदोलन का स्वरूप क्या होगा, क्या महाराष्ट्र के नेता दिल्ली में किसी बड़े प्रदर्शन में शामिल होंगे और आगे की लड़ाई किन मुद्दों पर केंद्रित होगी, इस पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Created On :   11 Oct 2026 8:42 PM IST

Tags

Next Story