सवाल: सचिन सावंत ने कहा - म्हाडा लॉटरी में देरी के चलते आवेदकों के लाखों रुपए महीनों से अटके, जल्द कार्रवाई करें एकनाथ शिंदे

सचिन सावंत ने कहा - म्हाडा लॉटरी में देरी के चलते आवेदकों के लाखों रुपए महीनों से अटके, जल्द कार्रवाई करें एकनाथ शिंदे
  • आवेदकों के पैसे पर महीनों से कोई फैसला नहीं
  • एकनाथ शिंदे से हस्तक्षेप की मांग

Mumbai News. मुंबई म्हाडा की गृहनिर्माण लॉटरी में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और म्हाडा प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि लॉटरी की प्रक्रिया में लगातार देरी के कारण हजारों आवेदकों की अनामत राशि महीनों से म्हाडा के पास अटकी हुई है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर लॉटरी निकालने में इतनी देरी क्यों हो रही है? सावंत ने कहा कि म्हाडा की गृहनिर्माण लॉटरी के लिए आवेदन की अंतिम तारीख पहले 30 अप्रैल तय की गई थी। इसके बाद इसे बढ़ाकर 14 मई और फिर 29 मई किया गया। वहीं, शुरुआत में लॉटरी 15 मई को निकाले जाने की घोषणा की गई थी। ऐसे में आवेदकों को उम्मीद थी कि लॉटरी के बाद जिन लोगों को घर नहीं मिलेगा, उनकी अनामत राशि मई के अंत तक वापस कर दी जाएगी। लेकिन अब अगस्त शुरू हो चुका है, इसके बावजूद लॉटरी की तारीख घोषित नहीं की गई है।

आवेदकों के पैसे पर महीनों से कोई फैसला नहीं

सचिन सावंत ने सवाल उठाते हुए कहा कि म्हाडा के घर के लिए आवेदन करने वाले अधिकांश लोग निम्न-मध्यम और मध्यम वर्ग से आते हैं। कई लोगों ने घर की लॉटरी में आवेदन करने के लिए अनामत राशि कर्ज लेकर या उधार लेकर जमा की है। ऐसे में महीनों तक रकम अटके रहने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब लॉटरी ही नहीं निकलेगी तो आवेदकों को उनकी जमा राशि कब वापस मिलेगी? साथ ही, इस अवधि में म्हाडा के पास जमा रकम पर आवेदकों को कोई ब्याज भी नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी का आर्थिक खामियाजा आम जनता को क्यों भुगतना पड़े? म्हाडा को लॉटरी में देरी का कारण सार्वजनिक करना चाहिए और नई तारीख तत्काल घोषित करनी चाहिए।

एकनाथ शिंदे से हस्तक्षेप की मांग

सावंत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिंदे को म्हाडा की कार्यप्रणाली पर ध्यान देना चाहिए और आवेदकों को राहत देने के लिए लॉटरी की तारीख जल्द घोषित करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जिन आवेदकों को लॉटरी में घर नहीं मिलता, उनकी अनामत राशि की वापसी की प्रक्रिया भी बिना देरी के पूरी की जाए।

Created On :   2 Aug 2026 9:18 PM IST

Tags

Next Story