दोटूक: हमें कोई आपत्ति नहीं, जिनको कांग्रेस छोड़ना है, वह जल्द छोड़ें - रमेश चेन्निथला

हमें कोई आपत्ति नहीं, जिनको कांग्रेस छोड़ना है, वह जल्द छोड़ें - रमेश चेन्निथला
  • पाला-बदल को लेकर कांग्रेस का सख्त बयान
  • विचारों से जुड़े लोग जल्द निष्ठा नहीं बदलते
  • राजनीतिक दल में काम करनेवाले कार्यकर्ता केवल पद और पावर के लिए नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नेताओं के पाला-बदल को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा है कि विचारों से जुड़े लोग जल्द निष्ठा नहीं बदलते हैं। मिलिंद देवड़ा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा-जिनको कांग्रेस छोड़कर जाना है, वह जल्द जाएं, हमें कोई आपत्ति नहीं है। किसी के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को नुकसान नहीं होने वाला है। गुरुवार को विमानतल पर चेन्निथला ने पत्रकारों से चर्चा की।

कुछ लोगों को पद चाहिए

लोकसभा चुनाव की तैयारी के तहत कांग्रेस की ओर से विभागीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। अमरावती में बैठक के लिए रवाना होने से पहले चेन्निथला ने चर्चा में कहा-कांग्रेस की विचारधारा देश को जोड़े रखने वाली है। महाराष्ट्र में कांग्रेस सक्षम है। यहां कोई भी कांग्रेस को नहीं छोड़ेगा। राजनीतिक दल में काम करनेवाले कार्यकर्ता केवल पद और पावर के लिए नहीं, बल्कि एक आदर्श के लिए काम करते हैं। कुछ लोगों के लिए केवल पद महत्वपूर्ण है। उन्हें केवल पद चाहिए। पद नहीं मिलने पर वे पार्टी छोड़ देते हैं। जो पार्टी की विचारधारा के साथ काम करते हैं, वे पार्टी को नहीं छोड़ते हैं।

भाजपा नेता पर कार्रवाई क्यों नहीं

विविध मामलों में जांच एजेंसियों की छापेमारी को लेकर चेन्निथला ने प्रश्न किया कि किसी भाजपा नेता पर कार्रवाई क्यों नहीं होती है। किसी भाजपा नेता को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाए कि साफ तौर से केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। ईडी व सीबीआई जैसी एजेंसियां दबाव में काम कर रही हैं।

प्राण प्रतिष्ठा को पॉलिटिकल इवेंट बनाया : अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के समारोह को लेकर उन्होंने कहा कि उस समारोह का पॉलिटिकल इवेंट बनाया गया है। लोकसभा चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। 4 शंकराचार्यों ने उस समारोह में नहीं जाने का जो निर्णय लिया है, वह किसी विचार के तहत ही लिया गया होगा। भगवान राम श्रद्धा व निष्ठा का विषय हैं। सबके मन में राम बसे हैं। अयोध्या में मंदिर का निर्माण पूरा हो जाने पर दर्शन के लिए हम सभी जाएंगे। चर्चा के समय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव रामकिशन ओझा, प्रदेश महासचिव उमाकांत अग्निहोत्री, शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल राऊत उपस्थित थे।

सीट साझेदारी जल्द : चेन्निथला ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस गठबंधन की सीट साझेदारी जल्द हो जाएगी। सीटों को लेकर महाविकास आघाड़ी के प्रमुख नेताओं की चर्चा हुई है। जल्द ही सीट व उम्मीदवार के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। सीटों का लेकर मित्रदलों में सहमति हुई है। कांग्रेस ग्रामीण क्षेत्र तक पहुंच रही है। गड़चिरोली जिले में भी कांग्रेस की बैठक होने वाली है।

Created On :   19 Jan 2024 12:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story