Latur News: बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग कर सिसकती रही बेबस मां, कहा हमें पैसा नहीं - न्याय चाहिए

बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग कर सिसकती रही बेबस मां, कहा हमें पैसा नहीं - न्याय चाहिए
  • न्याय की मांग को लेकर उठेगी आवाज
  • मां ने प्रशासन पर उठाए सवाल
  • जांच की मांग कर सिसकती रही बेबस मां

Latur News. “हमें पैसा नहीं, अनुष्का के लिए न्याय चाहिए… एक मां ही बेटी के जाने का दर्द समझ सकती है।” यह भावुक शब्द नवोदय की छात्रा अनुष्का पाटोले की मां कीर्ती पाटोले ने पत्रकार परिषद में व्यक्त किए। उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

न्याय की मांग को लेकर उठेगी आवाज

नवोदय विद्यालय की छात्रा अनुष्का पाटोले की संदिग्ध मौत का मामला अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। न्याय और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार, 16 फरवरी को सुबह 11 बजे सकल मातंग समाज की ओर से विशाल आक्रोश महामोर्चा निकाला जाएगा।


यह भी पढ़े -शिवेसना (यूबीटी) ने फडणवीस सरकार पर साधा निशाना, कहा - 'टोपी पहनकर सफर करना...'

यह महामोर्चा डॉ. अण्णाभाऊ साठे पूर्णाकृति प्रतिमा परिसर से शुरू होकर जिला परिषद कार्यालय, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक मार्ग होते हुए पुराने जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेगा। आयोजकों ने बताया कि मोर्चा शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन समाज की भावना बेहद प्रबल है।

मां ने प्रशासन पर उठाए सवाल

कीर्ती पाटोले ने कहा कि प्रशासन द्वारा चार लाख रुपए की मदद की घोषणा की गई, लेकिन अब तक उन्हें कोई राशि नहीं मिली। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से डीसीसी बैंक में एक लाख रुपए जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वे आर्थिक मदद नहीं, बल्कि दोषियों को सजा और न्याय चाहती हैं, ताकि भविष्य में किसी और छात्रा के साथ ऐसी घटना न हो।

प्रमुख नेता होंगे शामिल

मोर्चे में महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री रमेश बागवे सहित विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होने वाले हैं। समाज के कई संगठनों ने आंदोलन को समर्थन दिया है।

प्रमुख मांगें

आयोजकों के अनुसार प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांगें रखी जाएंगी

  • पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच समिति का गठन
  • मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर त्वरित न्याय
  • प्रकरण को आत्महत्या नहीं, हत्या मानते हुए जांच
  • सभी संदिग्धों पर कठोर कार्रवाई
  • मोबाइल सीडीआर, लोकेशन जांच व नार्को टेस्ट
  • एसआईटी जांच अधिकारी को बदलने की मांग
  • माता-पिता का पूरक बयान लेकर एफआईआर में संशोधन
  • एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून का कड़ाई से पालन
  • दोषियों को कठोरतम सजा
  • न्याय नहीं तो आंदोलन होगा तेज

आयोजकों ने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और सम्मान का सवाल है। यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। महामोर्चे को लेकर शहर में व्यापक चर्चा है और प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।

Created On :   15 Feb 2026 8:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story